स्वतंत्रता दिवस समारोह में गूंजा सामाजिक सद्भाव और श्रमिक एकता का संदेश
बचेली। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), शाखा-बचेली द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और श्रमिक एकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया। विभिन्न समाजों एवं वर्गों से जुड़े लोगों की सहभागिता के बीच आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के साथ संविधान के मूल्यों की रक्षा और श्रमिक हितों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यूनियन अध्यक्ष श्री चंद्र कुमार मंडावी ने यूनियन परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद यूनियन सचिव श्री आशीष यादव ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं निष्ठा व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता और ‘विविधता में एकता’ की भावना से है। समाज में अलग-अलग जाति, धर्म एवं समुदाय के लोग अपनी-अपनी पहचान के साथ रहते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं। ऐसे में आपसी सम्मान, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि श्रमिक की सबसे बड़ी पहचान उसका श्रम है। जाति, धर्म या समाज से ऊपर उठकर जब श्रमिक एकजुट होते हैं, तो संगठन की शक्ति मजबूत होती है। इंटक सभी समाजों और वर्गों के श्रमिकों को समान सम्मान एवं अधिकार देने की भावना के साथ काम करती है तथा श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राजेंद्र कुमार एवं वरिष्ठ कांग्रेसी श्री अब्दुल नवाब विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा यूनियन के वरिष्ठ सदस्यों एल.एन. भारद्वाज, सत्यनारायण त्यागी, सूर्यनारायण सोनवानी, प्रकाश दांगी, शैलेंद्र सिन्हा, एम. राकेश रेड्डी, आर. गोपीनाथ, मेघू वर्मा, धनंजय देवांगन, राजेश मंडल, धनंजय कुमार साहू, प्रभाकर नायक एवं श्याम शिव राव की सक्रिय सहभागिता रही।
वहीं युवा इंटक से नीलेश पाणिग्रही, निर्भय सेन, अतुल तिवारी, अफसर आलम, शिव कुमार, प्रवीण पारकर, अमित सिंह, के.जी. महेंद्र, पीयूष चंद्राकर एवं नील कुमार सहित अन्य युवा साथियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने, संविधान के मूल्यों का सम्मान करने तथा जाति एवं धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक सौहार्द और श्रमिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
समापन अवसर पर यूनियन की ओर से उपस्थित श्रमिक साथियों एवं नगरवासियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। समारोह पूरे उत्साह, देशभक्ति और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।
