शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तितिरगाॅंव में मना राष्ट्रीय एकता दिवस; 34 विद्यार्थियों को वितरित किए गए जाति व निवास प्रमाण पत्र


जगदलपुर/तितिरगाॅंव। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तितिरगांव में आज भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत तितिरगांव की सरपंच श्रीमती खीरमनी कश्यप ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जगदलपुर विकासखण्ड के सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी (ABEO) श्री राजेश गुप्ता तथा विशेष अतिथि के रूप में संकुल समन्वयक (CAC) कालीपुर श्री अनिल उपाध्याय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री राजेश गुप्ता ने स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार वल्लभभाई पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक और निर्णायक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश दिया।
34 बच्चों को मिले स्थायी प्रमाण पत्र
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री राजेश गुप्ता एवं सरपंच श्रीमती खीरमनी कश्यप के करकमलों से विद्यालय के 34 छात्र-छात्राओं को उनके पालकों की उपस्थिति में स्थायी जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। विद्यालय स्तर पर ही आसानी से प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
एनएमएमएसई (NMMSE) मॉक टेस्ट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
इसी क्रम में विद्यालय में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) के तृतीय मॉक टेस्ट का भी आयोजन किया गया। बस्तर जिले के जिला मिशन समन्वयक (DMC) श्री अशोक पाण्डेय एवं एबीईओ श्री राजेश गुप्ता ने इस मॉक टेस्ट का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मुख्य परीक्षा में सफलता के लिए आवश्यक टिप्स व शुभकामनाऍं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक श्री जी राम कृष्ण प्रसाद, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में पालकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *