बस्तर फाइटर्स भर्ती में जिले के युवाओं को मिले उचित अवसर, 79 पदों की संख्या बढ़ाने की मांग
बस्तर। @ बस्तर फाइटर्स भर्ती में बस्तर जिले के लिए निर्धारित 79 पदों को लेकर स्थानीय युवाओं में चिंता बढ़ रही है। जिले के युवाओं ने भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने और स्थानीय योग्य अभ्यर्थियों को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई है।
युवाओं का कहना है कि बस्तर जिला क्षेत्रफल, भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आवश्यकताओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में बस्तर संभाग के अन्य जिलों की तुलना में बस्तर जिले के लिए कम पद निर्धारित होना चिंता का विषय है। जिले के अनेक योग्य और मेहनती युवा बस्तर फाइटर्स में भर्ती होकर अपने क्षेत्र, समाज और प्रदेश की सेवा करना चाहते हैं, लेकिन पदों की सीमित संख्या के कारण उनके अवसर कम हो रहे हैं।

युवाओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी दूसरे जिले के अभ्यर्थियों के अधिकारों के विरुद्ध नहीं है। उनका उद्देश्य केवल बस्तर जिले के युवाओं को न्यायपूर्ण अवसर और उचित प्रतिनिधित्व दिलाना है।
युवाओं ने बस्तर जिले के लिए निर्धारित 79 पदों की पुनः समीक्षा करने, भर्ती पदों की संख्या बढ़ाने और स्थानीय योग्य युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। साथ ही, पदों का निर्धारण जनसंख्या, योग्य अभ्यर्थियों की संख्या, भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर करने तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की अपील की है।
सरकार से हस्तक्षेप की अपील
बस्तर जिले के युवाओं ने छत्तीसगढ़ सरकार, गृह विभाग, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों से इस मामले पर गंभीरता से विचार करने तथा जिले के लिए पदों की संख्या बढ़ाने का उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।
