दीपा सागर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक से मिले जिला कांग्रेस पदाधिकारी,सौंपा ज्ञापन …
जगदलपुर।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज दंतेश्वरी वार्ड निवासी दीपा सागर मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को रखते हुए पीड़ित परिवार की शंकाओं एवं आशंकाओं का निराकरण करने और उनकी संतुष्टि के अनुरूप जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि दीपा सागर मामले में पीड़ित परिवार जिन परिस्थितियों और तथ्यों को लेकर सवाल उठा रहा है, उन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए। परिवार की शंकाओं को नजरअंदाज करने के बजाय प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका या संदेह की गुंजाइश न रहे। पुलिस प्रशासन से हमारी मांग है कि परिवार द्वारा उठाए गए सवालों और प्रस्तुत तथ्यों को जांच में शामिल किया जाए तथा मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर वास्तविक सच्चाई सामने लाई जाए।सुशील मौर्य ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है हमारी मांग मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की है।
इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन,पूर्व महापौर जतिन जायसवाल,पूर्व सभापति कविता साहू,उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना,गौरनाथ नाग, हेमू उपाध्याय,महामंत्री अभिषेक नायडू,जाहिद हुसैन,सुनीता सिंह सहित पीड़ित परिवारजन मौजूद रहे।
