INTUC जिला अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने ड्राइवरों की हड़ताल को बताया जायज, सरकार से मांगे तुरंत पूरा करने की करी मांग
बीजापुर,
13 नवंबर 2026
अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) की जिला इकाई बीजापुर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने ड्राइवरों की अनिश्चित कालीन “स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन” को पूर्ण रूप से जायज ठहराया है और इस आंदोलन को उन्होंने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार से ड्राइवरों की मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की है।
राजकुमार गुप्ता ने अपने विज्ञप्ति में कहा कि ड्राइवरों द्वारा 12 नवंबर 2026 से शुरू की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल पूरी तरह उचित है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर लंबे समय से अपनी सुरक्षा, कल्याण बोर्ड, बीमा, पेंशन और अन्य मूलभूत मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है।
उन्होंने अपने विज्ञप्ति में आगे कहा कि यदि ड्राइवर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए तो राज्य में आवश्यक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी। बस, ट्रक, एंबुलेंस, ऑटो और अन्य वाहनों के संचालन रुकने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा। ऐसे में सरकार को तुरंत ड्राइवरों से बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान करना चाहिए।
INTUC जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ड्राइवर देश की रीढ़ हैं और उनकी मांगों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि ड्राइवर सुरक्षा कानून, ड्राइवर आयोग, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड तथा अन्य मांगों को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि हड़ताल से पहले ही समाधान निकल सके।
