कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का उत्साह के साथ हुआ शुभारंभ

कवर्धा,,,15 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आज से प्रदेश सहित कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ हुआ। जिले में धान खरीदी के पहले दिन किसानों में खासा उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। इस अवसर पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने धान खरीदी केंद्र हरिनछपरा, बोड़ला विकासखंड के बांधाटोला एवं खड़ौदा खुर्द, बैजलपुर पहुंचकर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने धान बेचने पहुंचे किसानों का फूलमाला पहनाकर तथा मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया। कलेक्टर ने किसानों को धान खरीदी प्रारंभ होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना तथा धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है। इस दौरान नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व अध्यक्ष डाॅ. रूपनाथ मानिकपुरी, एसडीएम आशुतोष शर्मा, उप पंजीयक पात्रे, खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन, सहित जनप्रतिनिधि, किसान उपस्थित थे। कलेक्टर प्रजापति ने खरीदी केंद्रों में पहुंचे किसानों से आत्मीय चर्चा कर धान विक्रय की प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि धान बेचने के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है तथा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं या नहीं। उन्होंने समिति के कर्मचारियों से धान की तौलाई प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा आद्रता मापन मशीन के माध्यम से धान की गुणवत्ता एवं नमी की जांच भी करवाई। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ तौलाई एवं अन्य प्रक्रियाएं संपन्न की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

किसानों के हित में शासन ने किए महत्वपूर्ण प्रावधान

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने किसानों से चर्चा के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में किए गए महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान विक्रय करना अनिवार्य होता था। इस व्यवस्था के कारण कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को कठिनाई का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बस्तर एवं सरगुजा संभाग जैसे क्षेत्रों में जहां सिंचाई के साधन सीमित हैं और उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता है, वहां किसानों को निर्धारित मात्रा में धान विक्रय करने में परेशानी होती थी। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब किसान यदि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की मात्रा से कम धान का विक्रय भी करते हैं, तब भी उन्हें निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अंतर की राशि का लाभ प्राप्त होगा। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी शासन की किसान हितैषी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने और उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें अधिकारी

कलेक्टर प्रजापति ने धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय के लिए केंद्रों में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े तथा तौलाई, नमी परीक्षण, बारदाना, टोकन एवं अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों। केंद्रों में पेयजल, छाया एवं बैठने सहित किसानों की सुविधा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी कार्य में शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनकी मेहनत और परिश्रम से उत्पादित धान का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी कार्य की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि पूरे खरीफ विपणन वर्ष के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसानों में उत्साह का माहौल

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने से किसानों में उत्साह का माहौल है। किसानों ने भी खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार खरीदी केंद्रों में पहुंचकर अपना धान विक्रय करें तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए धान खरीदी कार्य में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *