श्री जलाराम बापा की जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, करीब 150 लोगों की जाँच
जगदलपुर, 15 नवंबर 2026। पूज्य श्री जलाराम बापा की 227वीं जन्म जयंती के अवसर पर रविवार को श्री जलाराम सेवा ट्रस्ट, जगदलपुर और कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जगदलपुर ने संयुक्त रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड स्थित श्री जलाराम बापा मंदिर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर का करीब 150 लोगों ने लाभ लिया।
श्री जलाराम सेवा ट्रस्ट, जगदलपुर के वरिष्ठ सदस्य श्री कांतिलाल पटेल ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में रक्तचाप, ब्लड शुगर और बॉडी मास इंडेक्स (BMI) की जाँच की गई। फिजिशियन, हृदय रोग विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट, दंत चिकित्सक और त्वचा रोग विशेषज्ञ ने परामर्श दिया।
श्री गुजराती समाज, जगदलपुर के डॉक्टरों ने शिविर में सक्रिय भागीदारी की। डॉ. एन. एस. पट्टानी, डॉ. रीमा सोनी, डॉ. वल्लभ ठक्कर, डॉ. युक्ति जोबनपुत्रा, डॉ. पुलकित पटेल और डॉ. फाल्गुनी चोपड़ा ने शिविर में अपनी सेवाएँ दीं। समारोह में अतिथि के रूप में उपस्थित श्री कांतिलाल पटेल ने सभी छह डॉक्टरों का सम्मान किया। सम्मान समारोह का संचालन लक्ष्मी पटेल ने किया।
सम्मान समारोह में श्री जलाराम सेवा ट्रस्ट, जगदलपुर के ट्रस्टी परिवार की ओर से श्री सौरभ मोतीवाला ने ट्रस्ट की ‘ज्ञान दान’ पहल, श्री जलाराम बापा अन्नक्षेत्र, ‘दिल से दान’ वस्त्रदान अभियान और स्वच्छता से जुड़े सेवाकार्यों की जानकारी दी।
शिविर के आयोजन में ट्रस्ट के प्रमुख स्वयंसेवकों में डॉ. युक्ति जोबनपुत्रा, चर्चित ठक्कर, मेहक पटेल, देवेश सोनी, सौरभ मोतीवाला, नीरव मोतीवाला, ओम जोशी, धवल जोबनपुत्रा, मनोज चावड़ा, होमेश राठौर, मेहुल ठक्कर, पलक जोबनपुत्रा, मानव हेमाणी, पार्थ जोबनपुत्रा, लक्ष्मी पटेल, निशी मोतीवाला और समृद्धि मोतीवाला शामिल रहे। ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों और उनके परिवारों ने भी आयोजन में सहभागिता निभाई।
श्री जलाराम बापा के वचन “देने को टुकड़ा भला, लेने को हरि नाम” से प्रेरित होकर ट्रस्ट कई वर्षों से सेवाकार्य कर रहा है। करीब पाँच वर्षों से चल रही ‘ज्ञान दान’ पहल के तहत बच्चों, विशेषकर बालिकाओं, को निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। पढ़ाई के साथ उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाता है और उनके व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। अभिभावकों को वित्तीय साक्षरता की जानकारी भी दी जाती है।
ट्रस्ट का श्री जलाराम बापा अन्नक्षेत्र करीब छह वर्षों से प्रतिदिन संचालित हो रहा है। इसके माध्यम से रोज़ करीब 50 ज़रूरतमंद लोगों के लिए भोजन तैयार कर उन तक पहुँचाया जाता है।
ट्रस्ट का वार्षिक वस्त्रदान अभियान ‘दिल से दान’ इस वर्ष भी श्री जलाराम बापा की जयंती से शुरू हो गया है और दो से तीन महीने चलेगा। दान में मिले कपड़ों को साफ़ करवाकर गाँवों में ज़रूरतमंद बच्चों और परिवारों तक पहुँचाया जाता है। ट्रस्ट स्वच्छता से जुड़े कार्य भी करता है।
ट्रस्ट ने कहा कि बस्तर में शिक्षा, भोजन और स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए ये प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
