नगरनार NMDC में ऑपरेटर की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग, सुरक्षा व्यवस्था की हो समीक्षा
बस्तर। नगरनार स्थित एनएमडीसी (NMDC) प्लांट में ऑपरेटर की दर्दनाक मौत की घटना पर इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के संभागीय सचिव श्री सुभाष कश्यप ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
सुभाष कश्यप ने कहा कि लगभग 1500 डिग्री तापमान वाले औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में ऑपरेटर की जान चली गई। यह घटना औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताती है।
उन्होंने मांग की कि घटना की जांच विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। साथ ही प्लांट में कार्यरत सभी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों, सुरक्षा मानकों और आपातकालीन बचाव व्यवस्थाओं की भी व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए।
कश्यप ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जांच के दौरान पूर्व में हुई दुर्घटनाओं का भी रिकॉर्ड खंगाला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित प्रबंधन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी जांच कराने और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की मांग की।
