पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता का अंतरजिला की सीमावर्ती थाना नेलसनार का आकस्मिक भ्रमण।
बीजापुर :- जिले में सुदृढ़ कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा सीमावर्ती थाना नेलसनार का आकस्मिक भ्रमण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना के दैनिक कार्यों, रोजनामचा, अपराध पंजी, मालखाना, शस्त्रागार एवं हवालात की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। थाना प्रभारी एवं विवेचकों को लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग एवं गुमशुदगी के मामलों का समय-सीमा में त्वरित निराकरण करने तथा माननीय न्यायालय में शीघ्र चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था एवं अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। उपस्थित पुलिस बल को थाना का समुचित रखरखाव, साफ-सफाई एवं अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सरहदी बाजार, नियमित गश्त, प्रभावी नाकाबंदी एवं एमसीपी के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
