गौ सम्मान आह्वान अभियान की तैयारी हेतु कवर्धा में गौ संवाद का आयोजन
कवर्धा,,, सम्पूर्ण भारत वर्ष में चल रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारी को लेकर आज धर्म नगरी कवर्धा के गांधी मैदान, पुराना मंडी में विशेष बैठक एवं गौ संवाद का आयोजन किया गया।

इस संवाद की शुरुआत देव यज्ञ एवं गौ माता और भारत माता की पूजा से हुई।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड, हरिद्वार स्थित कृष्णायन गौशाला के संचालक पूज्य श्री अच्युतानंद महाराज जी उपस्थित रहे। कृष्णायन गौशाला में 50 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश की सेवा का प्रकल्प संचालित है।
महाराज जी ने उपस्थित गौ भक्तों एवं गौ सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि गौ माता विश्व कल्याणी हैं, लेकिन आज उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय है। आज गौवंश बेघर होकर सड़कों पर भटक रहा है, दुर्घटनाग्रस्त हो रहा है और कचरा खाने को मजबूर है। इसलिए गौवंश को सेवा, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता बनाने, सम्पूर्ण भारत में केंद्रीय कानून लाने एवं पूर्णतः गौ हत्या बंद करवाने हेतु यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें समस्त जनमानस को मिलकर सहयोग करना होगा।
महाराज जी ने कहा कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास है। आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दोनों दृष्टियों से गौ माता अत्यंत उपयोगी हैं, इसलिए गौ माता को राष्ट्र माता बनाना आवश्यक है।
उन्होंने धर्म नगरी कवर्धा वासियों को 17 दिसंबर को रावण भाटा मैदान, भाटागांव बस स्टैंड, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पाटेश्वर धाम से बालक रामदास जी ने गौ महिमा का वर्णन किया तथा गौ सम्मान आह्वान अभियान हेतु अधिक से अधिक संख्या में हस्ताक्षर करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गौ सम्मान आह्वान अभियान जिला कबीरधाम के जिला अध्यक्ष रोहन चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष हरिराम साहू, उमा भारती, बद्रीप्रसाद, चुम्मन साहू, पंडरिया, कुंडा, रेंगाखार के सभी तहसील प्रभारी सहित गायत्री परिवार, पतंजलि परिवार, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, युवा मित्र मंडल, कबीरपंथ, सनातन संस्कार समिति, आर्य समाज सहित सभी गौ सेवकगण उपस्थित रहे और अभियान से जुड़कर कार्य करने का संकल्प लिया।
यह जानकारी
गौ सम्मान आह्वान अभियान
जिला अध्यक्ष रोहन चंद्रवंशी
जिला उपाध्यक्ष हरिराम साहू ने दी।
