भाजपा के लिए सरकार में अन्नदाता किसानों का सम्मान सर्वोपरि: शैलेश अट्टामी



दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ की पहचान धान का कटोरा के रूप में पूरे देश में है। यहां की कृषि संस्कृति, किसानों का परिश्रम और धान उत्पादन प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों की मेहनत को उचित सम्मान और उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने आज 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी प्रारंभ कर दी है।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं प्रभारी किसान मोर्चा जिला बीजापुर शैलेश अट्टामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति किसानों के हित में लिए जा रहे ऐतिहासिक निर्णयों के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया है। श्री अट्टामी ने कहा है कि भाजपा सरकार ने किसानों से किए गए वादे को पूरा करते हुए प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर से धान खरीदी का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं राज्य सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से समर्थन मूल्य और 3,100 रुपये की घोषित दर के अंतर की राशि किसानों को आदान सहायता के रूप में प्रदान कर रही है। इस प्रकार भाजपा सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान नेता शैलेश अट्टामी ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये तक की आदान सहायता सुनिश्चित की है। अब यदि किसी किसान की उपज कम होने के कारण वह 21 क्विंटल के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान बेच पाता है, तब भी निर्धारित पात्रता एवं सत्यापित रकबे के आधार पर उसे पूरे 21 क्विंटल के अंतर की सहायता राशि मिलेगी। यह निर्णय विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा जैसे आदिवासी अंचलों के किसानों के लिए बड़ी राहत और आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बनेगा। श्री अट्टामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प किसानों की आय बढ़ाना, कृषि को आधुनिक बनाना और अन्नदाताओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों के लिए लगातार जनहितकारी निर्णय ले रही है। धान खरीदी की पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर उपार्जन, डिजीटल पंजीयन और किसानों को आर्थिक सहायता भाजपा सरकार की किसान हितैषी सोच का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा सहित पूरे बस्तर संभाग में खेती-किसानी केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन का आधार है। यहां के किसान विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत कर प्रदेश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में कम उत्पादन होने पर भी किसानों को पूरी निर्धारित आदान सहायता देने का निर्णय बस्तर के किसानों के लिए विशेष महत्व रखता है।

यही अंतर है भाजपा और कांग्रेस में
श्री अट्टामी ने आगे कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसानों के जीवन में आर्थिक मजबूती, ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली और कृषि क्षेत्र में नई उम्मीद का संचार हो रहा है। कांग्रेस शासनकाल में किसानों को लेकर किए गए वादों और भाजपा सरकार द्वारा धरातल पर किए जा रहे कार्यों के बीच स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का किसान सम्मान, विश्वास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शैलेश अट्टामी ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पूरी भाजपा सरकार का प्रदेश के किसानों के हित में लिए जा रहे ऐतिहासिक निर्णयों के लिए हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान, उनकी खुशहाली और उनकी आर्थिक समृद्धि ही भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। अन्नदाता खुशहाल होगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *