शराब दुकान हटाने और स्व. कैलाश गुप्ता की माँ को मुआवजा देने की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर. बस्तर एकता विकास मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने 16 नवंबर को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नया बस स्टैंड और चाँदनी चौक स्थित शराब दुकानों को तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही मोर्चा ने हाल ही में शराब दुकान के सामने हुई स्व कैलाश गुप्ता की हत्या के मामले में उनकी माँ को न्याय व शासन की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा देने की भी गुहार लगाई है।
ज्ञापन में मोर्चा ने उल्लेख किया है कि नया बस स्टैंड और चाँदनी चौक शहर के अत्यंत व्यस्त और प्रमुख सार्वजनिक स्थान हैं। यहाँ शराब दुकानें संचालित होने के कारण दिन-रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे यात्रियों, स्थानीय व्यापारियों, महिलाओं,बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। हाल ही में शराब दुकान के सामने स्वर्गीय कैलाश गुप्ता की हुई निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में भारी आक्रोश है।
बस्तर एकता विकास मोर्चा ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित दो प्रमुख मांगें रखी हैं:
- शराब दुकानों का स्थानांतरण: जनहित, यातायात और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नया बस स्टैंड और चाँदनी चौक स्थित शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
- स्व. कैलाश गुप्ता की माँ को न्याय व मुआवजा: इस दुखद हत्याकांड में अपने बेटे को खोने वाली स्व. कैलाश गुप्ता के परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ उनकी आजीविका के लिए शासन द्वारा तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए,क्योंकि स्व . कैलाश गुप्ता घर का कमाने वाले व्यक्ति थे जो कि परिवार जनों का पालन पोषण में सहयोग भी करते थे
“नया बस स्टैंड और चाँदनी चौक जैसे संवेदनशील स्थानों पर शराब दुकान होने से अपराध बढ़ रहे हैं, व एक स्कूल,अस्पताल,मंदिर, कब्रिस्तान,गुरुद्वारा और बस्तर संभाग का सबसे बड़ा बस स्टैंड है,विगत 5 वर्षों में ये दूसरी हत्या है व आए दिन चाकू बाजी आम बात है, प्रशासन इन दोनों दुकानों को तुरंत हटाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दे। यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो मोर्चा 20 दिनों बाद उग्र जनआंदोलन व शांतिपूर्ण कलेक्टर परिसर घेराव करने को बाध्य होगा।”
बस्तर एकता विकास मोर्चा]।
ज्ञापन सौंपने के दौरान स्व. कैलाश गुप्ता के परिजन,बस्तर एकता विकास मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
