जनता धूल फांकने को मजबूर, ठेकेदारों की मनमानी पर प्रशासन मौन
जगदलपुर। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और ठेकेदारों की कथित लापरवाही अब आम जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है।जगदलपुर- चित्रकोट मार्ग पर धरमपुरा क्षेत्र तथा शहर के मोतीतालाब पारा मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है और कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। विडंबना यह है कि निर्माण कार्य के दौरान उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव तक नहीं कराया जा रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों को आम नागरिकों की परेशानियों और उनके स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर महामंत्री अभिषेक नायडू सहित कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा पांच दिन के भीतर चक्काजाम अल्टीमेटम के साथ चित्रकोट मार्ग एवं मोतीतालाब पारा मुख्य मार्ग चल रहे सड़क निर्माण कार्य में युद्ध स्तर पर तेजी व नियमित धूल नियंत्रण हेतु पानी का छिड़काव की मांग व को लेकर मुख्य कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपा गया है। कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन में कहा है कि इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, स्कूली बच्चे, विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और आसपास के रहवासी आवागमन करते हैं। सड़क निर्माण के नाम पर जगह-जगह उड़ती धूल के गुबार लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। दुकानदारों को अपनी दुकानों में धूल जमने से आर्थिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रहवासियों को घरों में धूल घुसने की समस्या झेलनी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए भी इन मार्गों से गुजरना जोखिम भरा होता जा रहा है।
सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित ठेकेदार द्वारा धूल नियंत्रण के लिए पानी के टैंकर से नियमित छिड़काव जैसी सामान्य व्यवस्था भी सुनिश्चित नहीं की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पर्यावरणीय मानकों का पालन करना ठेकेदार एवं संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन धरातल पर इन जिम्मेदारियों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाया है कि आखिर निर्माण कार्यों की निगरानी करने वाले विभागीय अधिकारी क्या कर रहे हैं? क्या अधिकारियों ने कभी निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति जानने की कोशिश की है? यदि ठेकेदार अनुबंध की शर्तों के अनुसार काम नहीं कर रहा है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? आम जनता को धूल और अव्यवस्था के बीच छोड़कर जिम्मेदार अधिकारी अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकते। कांग्रेस की मांग है कि जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग के धरमपुरा क्षेत्र एवं मोतीतालाब पारा मुख्य मार्ग पर तत्काल टैंकर से नियमित पानी छिड़काव शुरू कराया जाए। निर्माण कार्य में हो रही देरी की जांच कर अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। संबंधित विभाग के अधिकारी दोनों निर्माण स्थलों का तत्काल निरीक्षण करें तथा धूल नियंत्रण, यातायात और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें। साथ ही अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि आगामी पांच दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं लाई गई, अधूरे कार्यों को सुचारू रूप से शुरू नहीं कराया गया और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के हित में सड़क पर उतरकर उग्र धरना प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी।कांग्रेस ने कहा कि विकास के नाम पर जनता को धूल, अव्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां देना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण जनता की सुविधा के लिए होता है, न कि जनता को महीनों तक परेशानी में डालने के लिए। शासन-प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करे, अन्यथा आंदोलन से उत्पन्न होने वाली स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान महामंत्री प्रशांत जैन, अल्ताफ उल्ला खान, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, विजेंद्र ठाकुर, चमन देहारी, आदर्श दलाई, शुभम मिश्रा आदि मौजूद रहे।
