नारायणपाल विष्णु मंदिर में दर्ज है बस्तर के छिंदक नागवंशी राजाओं का गौरवशाली इतिहास


-रोहन कुमार-
जगदलपुर। विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर बस्तर की समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की चर्चा आवश्यक है। इसी गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण प्रमाण बस्तर जिले के नारायणपाल ग्राम में स्थित प्राचीन विष्णु मंदिर है। इंद्रावती और नारंगी नदियों के संगम स्थल के समीप स्थित यह मंदिर बस्तर के मध्यकालीन इतिहास और चक्रकोट के छिंदक नागवंशी राजवंश के वैभव को प्रदर्शित करता है। यह मंदिर ग्यारहवीं सदी में छिंदक राजवंश के शासनकाल में निर्मित हुआ था।


इतिहास के सहायक प्राध्यापक ओम प्रकाश सोनी ने बताया कि मंदिर का प्रारंभिक निर्माण भगवान शिव को समर्पित था। निर्माण के कुछ वर्षों बाद यहां भगवान विष्णु की प्रतिमा प्रतिष्ठापित की गई। बस्तर में कार्तिक मास को अत्यंत पवित्र माना जाता था।नारायणपाल के विष्णु मंदिर में लगा शिलालेख इस धार्मिक और सामाजिक परंपरा का महत्वपूर्ण प्रमाण है। शिलालेख के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वर्ष 1111 ईस्वी में महारानी गुंड महादेवी ने एक भव्य दान समारोह आयोजित किया था। इस समारोह में महारानी द्वारा प्रधानमंत्री आदित्य भट्ट, सूत्रधार रणवीर, मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम पंडित सहित सामान्य लोगों को भी करमुक्त भूमि दान की गई थी। इस दान समारोह में दूर दराज के देशों से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय थी। शिलालेख में दो दर्जन से अधिक दानग्राहियों के नाम दर्ज हैं। इससे तत्कालीन बस्तर की धार्मिक आस्था, प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक संरचना और व्यापक संपर्कों की जानकारी मिलती है। नारायणपाल मंदिर के अतिरिक्त अन्य मंदिरो जैसे लोहंडीगुड़ा के गढ़िया ग्राम में स्थित मंदिर में भी कार्तिक माह में दान पर्व मनाने का प्रमाण मिलता है अर्थात इस राजवंश ने कार्तिक माह को अधिक महत्त्व दिया है। प्रोफेसर सोनी ने बताया कि नारायणपाल मंदिर का अभिलेख छिंदक नागवंशी राजाओं की राजकीय पहचान के दृष्टिकोण से भी विशेष महत्व रखता है। चक्रकोट बस्तर के छिंदक वंशी राजाओं का राजकीय चिह्न ‘सवत्स धेनु व्याघ्र’ था। इसका आशय बछड़े सहित गाय और उसकी रक्षा करते व्याघ्र अर्थात बाघ से है। छिंदक वंश के राजकीय अभिलेखों में इस लांछन का अंकन मिलता है। गाय और बछड़े का चित्रांकन इस वंश के राजकीय प्रतीक की पहचान को दर्शाता है। नारायणपाल विष्णु मंदिर का अभिलेख भी इस ऐतिहासिक परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह अभिलेख 1111 ईस्वी में कन्हरदेव के राजत्वकाल से संबंधित है। वर्तमान में मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। इसकी महत्ता केवल एक धार्मिक स्थल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के मध्यकालीन इतिहास,छिंदक नागवंशी शासन, राजकीय प्रतीक, शिलालेखीय परंपरा और दान संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रमाण है। विश्व विरासत सप्ताह के अवसर पर नारायणपाल जैसे ऐतिहासिक स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने, उनके शिलालेखों एवं पुरातात्विक अवशेषों के संरक्षण और बस्तर की ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *