अवैध वसूली में जुटी बस्तर यातायात पुलिस
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर जिला यातयात पुलिस अब अवैध वसूली में जुट गई है। शहर के बाहरी हिस्सों में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर और कुछ जवान विभागीय वाहन लेकर वसूली करने में व्यस्त नजर आते हैं। यहां बस्तर जिला ट्रैफिक पुलिस का “सुदर्शन चक्र” चल रहा है।
आज सुबह से पुलिस उप निरीक्षक सुदर्शन दुबे के नेतृत्व में गाड़ियों की जांच की जाती रही। यातायात पुलिस के वाहन के साथ दो यातायात पुलिसकर्मी सुदर्शन दुबे की सहायता करते नजर आए। ये लोग उड़ीसा, आंध्रप्रदेश और अन्य राज्यों की गाड़ी के साथ बस्तर संभाग के बाहर जिले की गाड़ियों को ही रोककर कागजात मांग रहे थे, लंबी लाइन के बीच जब बस्तर थाना से इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस मामले में हमारा कोई हस्तक्षेप नहीं होता है। वहीं मौके पर गाड़ी के पेपर चेक कर रहे एक सिपाही से बात करने पर पता चला कि ऊपर के आदेश पर यह कार्य चल रहा है। यह पूछने पर कि इस मामले में क्या आरटीओ विभाग की मदद ली जाती है तो उनका जवाब नहीं में आया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेजी से चलते वाहनों को रोक कर कागजात देखने के बहाने घंटों लेट करना और खुसुर फुसुर कर आगे बढ़ने को कहना ट्रैफिक पुलिस इस कार्यप्रणाली को संदिग्ध बनाता है। मौके पर उपस्थित दर्जनों वाहन चालकों ने बताया कि हम पिछले कई दिनों से इनके रवैए से परेशान हैं। वाहन चालकों का स्पष्ट आरोप है कि भारी वाहनों की अनदेखी कर बाहर प्रदेश और अन्य जिलों के चौपहिया वाहनों को रोक कर उनसे कागजात चेकिंग के बहाने बेतहाशा वसूली की जा रही है। जो वाहन चालक उनकी डिमांड पूरी कर देते हैं, उन्हें आगे बढ़ने के लिए कह दिया जाता है। वहीं मांग पूरी नहीं करने वाले वाहनों को घंटों खड़े रखा जाता है। इससे लोग और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामान समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते।
