दीपा सागर खुदकुशी मामले में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आदिवासी समाज ने खोला मोर्चा



–अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर में मतांतरण कराने वाले और धर्म बदल चुके लोग अब सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए नए पैंतरे आजमाने लगे हैं। अब इन लोगों ने इसके लिए दीपा सागर आत्महत्या मामले को अपना आधार बना लिया है। आरोप है कि एक सनातनी एवं प्रतिष्ठित भाजपा नेता एवं उनके परिवार को बदनाम करने के लिए विरोध-प्रदर्शनों का सहारा लिया जा रहा है। इसके लिए कहीं से बड़ी फंडिंग हो रही है। इस बीच अब आंदोलन के पीछे की गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जिला बस्तर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि संवेदनशील घटनाओं की आड़ में कुछ लोग व्यक्तिगत और आर्थिक हित साधने के लिए समाज में भ्रम, तनाव और विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। संगठन ने दीप सागर मामले से जुड़े आंदोलनों के आयोजकों, उन्हें समर्थन देने वालों और फंडिंग के स्रोतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


ज्ञापन में कहा गया है कि दीप सागर आत्महत्या की घटना अत्यंत संवेदनशील है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और पुलिस को प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। संगठन ने आशंका जताई है कि इस घटना को लेकर की जा रही रैलियों, विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों के नाम पर कुछ लोग आर्थिक लाभ अर्जित करने या कथित तौर पर धन उगाही करने में लगे हो सकते हैं। संगठन ने पुलिस से आंदोलन के वास्तविक उद्देश्य, उसके पीछे सक्रिय लोगों और किसी भी तरह के आर्थिक लेन-देन की पड़ताल करने की मांग की है। ज्ञापन में सबसे गंभीर सवाल आंदोलनों के लिए धन जुटाने और भीड़ एकत्र करने को लेकर उठाया गया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि बस्तर के गरीब, भोले-भाले ग्रामीणों और युवाओं को आर्थिक प्रलोभन देकर रैलियों, धरना-प्रदर्शनों और आंदोलनों में शामिल करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों को किस उद्देश्य से एकत्र किया जा रहा है, उन्हें आर्थिक भुगतान कौन कर रहा है और क्या उनकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें गुमराह किया जा रहा है? इसकी जांच होनी चाहिए। संगठन ने आंदोलन के लिए मिलने वाले धन के स्रोत, उसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं, धन एकत्र करने के माध्यम तथा उसके उपयोग की जांच की मांग की है। ज्ञापन में बैंक खातों, नकद लेन-देन, चंदे और आर्थिक सहयोग के स्रोतों की पड़ताल कर वित्तीय लेन-देन की जानकारी नियमानुसार सार्वजनिक करने की मांग भी शामिल है।

हिड़मा के महिमामंडन का मुद्दा भी
ज्ञापन में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर निकाली गई रैली का विवाद भी उठाया गया है। संगठन ने उल्लेख किया है कि उस रैली में नक्सली हिड़मा का महिमामंडन करने वाले गीत बजाए जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में तत्कालीन बस्तर पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी। अब संगठन ने उस शिकायत पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग की है। इसके अलावा सामाजिक सौहार्द और धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषयों को लेकर समाज में तनाव पैदा करने तथा विभिन्न मुद्दों की आड़ में कथित अवैध वसूली किए जाने संबंधी शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

18 दिन बाद सौंपा मोबाइल
ज्ञापन में दीप सागर आत्महत्या मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्यों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। इससे पहले जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि पुलिस ने दीपा का मोबाइल और हस्तलेखन का नमूना उपलब्ध कराने के लिए परिजनों को चार बार नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद ये साक्ष्य जांच टीम को नहीं मिले थे। अब घटना के करीब 18 दिन बाद परिजनों ने दीपा का मोबाइल जांच टीम को सौंप दिया है। इसके साथ ही दीपा की वास्तविक लिखावट वाली कॉपी भी पुलिस को दी जाने की जानकारी सामने आई है। अब मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के जरिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जाएंगे, जबकि कथित सुसाइड नोट की लिखावट का दीपा की वास्तविक लिखावट से मिलान कराया जाएगा। ऐसे में मोबाइल और हस्तलेखन के नमूने मिलने के बाद जांच के इन महत्वपूर्ण पहलुओं पर आगे की कार्रवाई और रिपोर्ट का इंतजार रहेगा।

सात बिंदुओं में रखी मांगें
सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर से दीप सागर आत्महत्या मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, सर्व आदिवासी समाज और बस्तर संभाग के बैनर तले सक्रिय व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल करने तथा रैलियों और आंदोलनों में आर्थिक प्रलोभन देकर भीड़ जुटाने की शिकायतों की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही आंदोलनों के लिए धन उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं, धन संग्रह के माध्यम और उसके उपयोग की जांच, अवैध धन उगाही, धमकी, भ्रामक प्रचार अथवा सामाजिक विद्वेष फैलाने की गतिविधियां प्रमाणित होने पर कड़ी कार्रवाई तथा हिड़मा के महिमामंडन संबंधी पुरानी शिकायत पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की मांग भी की गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य किसी समाज, वर्ग अथवा आदिवासी समुदाय की भावनाओं को आहत करना नहीं है। संगठन ने कहा है कि बस्तर में सभी समुदायों के बीच आपसी विश्वास और सामाजिक एकता बनाए रखना जरूरी है। साथ ही मांग की है कि दीप सागर को न्याय मिले और घटना का इस्तेमाल निजी, आर्थिक अथवा अन्य स्वार्थों की पूर्ति के लिए करने वालों की भूमिका भी निष्पक्ष जांच में सामने लाई जाए।
बता दें कि कुछ संस्थाएं पहले मतांतरण का खेल खेला करते थे, आदिवासियों की अस्मिता को ठेस पहुंचाते थे। अब ऎसी गतिविधियों का विरोध करने वाले सनातनी भाजपा नेता को भी ये महिलाओं से संबंधित मामलों में फंसा कर उनकी प्रतिष्ठा को चोट पहुंचा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *