आदिवासियों का आज रायपुर में बड़ा प्रदर्शन
जगदलपुर। जल, जंगल, जमीन, आरक्षण और आदिवासियों के हितों की सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ का आदिवासी समुदाय लामबंद हो गया है। इन मुद्दों को लेकर 27 नवंबर को रायपुर में बड़ा प्रदर्शन होने वाला है। 24 नवंबर को प्रदेश के 33 जिलों के 43 आदिवासी संगठनों की बड़ी बैठक प्रदेश की राजधानी में हुई।
छत्तीसगढ़ में आदिवासी वर्ग की जनसंख्या कुल आबादी का 30.62 प्रतिशत है। 33 जिलों में आदिवासी समाज की 43 उपजातियों और उनके संगठनों की बड़ी बैठक पहली बार प्रदेश की राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को संपन्न हुई। बैठक में आदिवासी समाज के पंचायत प्रतिनिधि, 4 विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक, आदिवासी समाज के अधिकारी व कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में अपनी मांगों को सूचीबद्ध कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। आदिवासी वर्ग, युवाओं, जेन-जी का अपनी मांगों को लेकर राजधानी रायपुर में बड़ा प्रदर्शन होगा। उसके बाद 1 दिसंबर को निर्वाचित विधायकों और सांसदों के निवास में जाकर, अपनी मांगों के संबंध में नगाड़ा बजाकर, उन्हें जगाया जाएगा और अपनी-अपनी पार्टी में सरकार के समक्ष उनकी आवाज उठाने की बात कही जाएगी।
आदिवासी नेताओं का पुतला दहन भी
9 दिसंबर को निर्वाचित विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री का विरोध स्वरूप, प्रत्येक जिले में पुतला दहन किया जाएगा। 15 दिसंबर को छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव किया जाएगा। आदिवासियों की मांगे तो बहुत हैं, लेकिन मुख्य मांग है सलवा जुडुम के समय लगभग जो 600 गांव खाली हुए, वहां के निवासी कहां हैं, किस प्रदेश में हैं, सरकार उसकी खोजबीन कर उन्हें वापस उनके गांव में बसाए।आदिम जाति कल्याण विभाग का नाम बदलकर जनजातीय विभाग करने के निर्णय को वापस लिया जाए। आदिवासियों के 32 प्रतिशत आरक्षण को सुरक्षित रखा जाए। बस्तर और सरगुजा संभाग में जल जंगल जमीन खतरे में है, सरकार उसका संरक्षण कर उद्योगपतियों को बेचना बंद करे।
क्यों बंद किए स्कूल?
आदिवासी समाज का कहना है कि सरकार 207 स्कूल बंद करना चाहती है। बस्तर व सरगुजा संभाग एवं रायगढ़ व जशपुर जिले में कई स्कूल बंद हो चुके हैं और निजीकरण को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। समाज की मांग है कि सरकार वे सभी स्कूल आदिवासी समाज को चलाने के लिए दे, क्योंकि आदिवासियों के बच्चों के भविष्य का सवाल है। अगर सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है तो हम चलाएंगे, ऐसा समस्त संगठनों की मांग है। इस बैठक में विशेष रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री और आदिवासियों के बीच अब संघर्ष कर रहे अरविंद नेताम उपस्थित थे।सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी 43 आदिवासी उपजाति, सभी अपने आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर इस संघर्ष में साथ रहेंगे। बैठक में अगले साल मार्च में नई दिल्ली में राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में बढ़ चढ़कर भाग लेने का निर्णय भी लिया गया।
