खाद्य विभाग की जांच में मिली गंदगी, दो रेस्टोरेंट को थमाया सुधार नोटिस



जगदलपुर। शहर में होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने शहर के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान के तहत 23 नवंबर को गीदम रोड स्थित आलीशान बिरयानी एवं विदेशी ढाबा का निरीक्षण किया गया। वहीं 25 नवंबर को सिटी ग्राउंड के सामने स्थित शिनोस नेक्सस रेस्टोरेंट और कमिश्नर कार्यालय के पास स्थित शिनोस ग्रिल रेस्टोरेंट की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान विदेशी ढाबा से स्टीम राइस और पनीर मसाला के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। यहां भंडार कक्ष में साफ सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। इसी तरह शिनोस ग्रिल रेस्टोरेंट से मटन करी और बॉयल्ड अरहर दाल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। विभागीय टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने तथा कर्मचारियों को हेडगियर और एप्रन पहनकर काम करने की समझाइश दी। साथ ही दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना पत्र (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी किया गया है। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जिला अधिकारी पूनम कुंजाम कांडे के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार नाग एवं नमूना सहायक नंदकिशोर हिरवानी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *