NSL कोक ओवन ने 5 मिलियन टन कोक उत्पादन का आंकड़ा पार किया


नगरनार, 26 नवंबर 2026: NMDC स्टील लिमिटेड (NSL) के नगरनार स्टील प्लांट ने 25
नवंबर 2026 को 5 मिलियन टन कोक उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया। यह वह कुल मात्रा है, जिसका उत्पादन कोक ओवन बैटरी द्वारा इसकी शुरुआत से लेकर अब तक किया गया है। गौरतलब है कि NSL की कोक ओवन बैटरी नंबर 1 को 28 अक्टूबर 2022 को कार्यरत किया गया था। कोक ओवन बैटरी सबसे पहले शुरू होने वाली इकाइयों में से एक थी। इसके बाद, 25 अप्रैल 2023 को NSL की बैटरी नंबर 2 भी कार्यरत हो गई। NSL के कोक ओवन की कुशल कार्यप्रणाली, लागत को नियंत्रित रखने और कंपनी को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने में काफी मदद करती है।
NSL के ऊर्जा-कुशल और पर्यावरण के अनुकूल कोक ओवन में 67 ओवन वाली 2 बैटरियां हैं। इनमें से प्रत्येक ओवन 7 मीटर ऊंचा है और ये चौबीसों घंटे कच्चे कोयले को मेटलर्जिकल कोक में बदलते हैं, जिसका इस्तेमाल 3 मिलियन टन क्षमता वाली ब्लास्ट फर्नेस में किया जाता है। NSL के कोक ओवन की एक खास खूबी इसका पर्यावरण के अनुकूल CDCP (कोक ड्राई कूलिंग प्लांट) है। CDCP में गर्म कोक को ठंडा करने के लिए पानी का इस्तेमाल करने के बजाय, अक्रिय नाइट्रोजन गैस का उपयोग किया जाता है। इस प्रक्रिया में निकलने वाली गर्मी (वेस्ट हीट) को कैप्चर करके बिजली बनाई जाती है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि कोयले की धूल से पर्यावरण प्रदूषित न हो।
कोकिंग कोल का उपयोग किसी भी इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट में स्टील बनाने की प्रक्रिया में ईंधन की तरह होता है। कोकिंग कोल के जलने से वह अत्यधिक गर्मी पैदा होती है, जो आयरन ओर को पिघलाने के लिए जरूरी है। इस से पिघली हुई धातु या पिग आयरन प्राप्त होता है। चूँकि कच्चा कोयला आयरन ओर के वजन के नीचे दबकर टूट सकता है और अशु‌द्धियां छोड़ सकता है, इसलिए कोक ओवन प्लांट में कोयले को सख्त और छिद्रपूर्ण ‘मेटलर्जिकल कोक’ (धातु-शोधन कोक) में बदल दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *