बीरन की चमक पहुंच रही विदेशों तक, बीरन ने मोहा इटली पर्यटक का मन

कवर्धा,,कबीरधाम जिले की अनमोल सांस्कृतिक विरासत बीरन आर्ट अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। इसी कड़ी में 20 नवंबर को इटली की एक पर्यटक बीरन हस्तशिल्प को करीब से देखने, समझने और इसका अनुभव लेने श्रीबाई बैगा के गाँव पहुँचीं। इससे पहले अमेरिका और डेनमार्क से भी पर्यटक इस अनूठी कला को देखने पहुँच चुके हैं।

गाँव पहुँचने पर पर्यटक का पारंपरिक अंदाज में बीरन माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। बीरन कला की जानकार एवं इसकी परंपरा को आगे बढ़ाने में जुटीं श्रीबाई बैगा ने पर्यटक को कला के इतिहास, निर्माण प्रक्रिया और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें बीरन माला, कंगन, चूड़ा तथा खजूर की पत्तियों से तैयार कान की बालियों सहित प्रकृति आधारित विभिन्न श्रृंगार आभूषणों का अवलोकन कराया ।

हजारों वर्षों की विरासत, बैगा समुदाय ने सहेजकर रखी कला

बीरन केवल हस्तशिल्प या श्रृंगार की वस्तु नहीं, बल्कि कबीरधाम जिले की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति के साथ बैगा समुदाय के गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) में शामिल बैगा समुदाय ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी हजारों वर्षों से इस पारंपरिक कला को सहेजकर रखा है। आज इसी विरासत को नई पहचान दिलाने और अगली पीढ़ी तक पहुँचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

महिला आजीविका और आत्मनिर्भरता का बन रही माध्यम

बीरन आर्ट को महिला आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास हो रहे हैं। स्थानीय बैगा महिलाएँ अपने पारंपरिक हुनर के माध्यम से बीरन के आकर्षक आभूषण तैयार कर रही हैं। इससे उनके कौशल को पहचान मिलने के साथ ही सम्मानजनक आय और आत्मनिर्भरता के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। यह पहल पारंपरिक कला के संरक्षण के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी माध्यम बन रही है।

पर्यटन के लिए ऐतिहासिक पहल बीरन से बढ़ेगी पहचान

बीरन आर्ट को प्रोत्साहित करने, संरक्षित करने और व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जा रही है। ग्रामोदय ग्राम विकास समिति बीरन आर्ट एंड कल्चर के संरक्षण, संवर्धन, प्रशिक्षण और इसे महिला आजीविका से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए युवा खेमलाल साहू द्वारा 36 मोंटाने टूरिज्म के माध्यम से विदेशी पर्यटकों को कबीरधाम की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक कलाओं से परिचित कराया जा रहा है।

विदेशी पर्यटकों की बढ़ती रुचि से बीरन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की संभावनाएँ बढ़ रही हैं। यह केवल एक कला का प्रचार नहीं, बल्कि बैगा समुदाय की हजारों वर्षों पुरानी विरासत, महिलाओं के पारंपरिक हुनर और कबीरधाम की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया तक पहुँचाने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *