छत्तीसगढ़ में पहली बार एनएमडीसी स्टील ने शुरू की आईओटी डेटा लॉगर से एग्जॉस्ट गैस की रियल-टाइम निगरानी
जगदलपुर/नगरनार, 27 नवंबर 2026। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के नगरनार स्टील प्लांट ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। छत्तीसगढ़ में पहली बार प्लांट ने आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) आधारित डेटा लॉगर स्थापित कर उसे रायपुर स्थित केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से ऑनलाइन जोड़ दिया है। इससे प्लांट के उत्सर्जन संबंधी आंकड़ों की ऑनलाइन और वास्तविक समय में निगरानी संभव हो सकेगी।
इस नई व्यवस्था के माध्यम से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य पर्यावरण विभाग प्लांट की निकास चिमनियों से होने वाले उत्सर्जन के आंकड़ों पर लगातार नजर रख सकेंगे। प्लांट के सभी स्टैक को आईओटी डेटा लॉगर से जोड़ दिया गया है। इसके अलावा गेट नंबर-3 पर स्थापित वर्षा जल निगरानी प्रणाली को भी इससे जोड़ा गया है।
एनएमडीसी स्टील प्लांट में सभी प्रोसेस स्टैक पर सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली (सीईएमएस) स्थापित है। इसका डेटा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड के सर्वर पर भेजा जाता है, जिससे उत्सर्जन मानकों में किसी भी तरह के विचलन का तत्काल पता लगाकर सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
कंपनी के अनुसार, 25 नवंबर को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड के जगदलपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों और प्लांट अधिकारियों के साथ आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में प्लांट से किसी भी प्रकार का हानिकारक प्रक्रिया-जनित जल अथवा दूषित जल बाहर छोड़े जाने की स्थिति नहीं पाई गई।
प्लांट परिसर के चारों कोनों में वायु गुणवत्ता की लगातार निगरानी के लिए विशेष निगरानी प्रणाली भी स्थापित है। इसके अलावा नगरनार स्टील प्लांट परिसर में चार लाख से अधिक पौधे लगाकर हरित आवरण विकसित किया गया है।
एनएमडीसी स्टील ने बताया कि कंपनी पर्यावरण संरक्षण के साथ टिकाऊ इस्पात उत्पादन के लिए प्रतिबद्ध है। आईओटी आधारित निगरानी व्यवस्था से पर्यावरणीय अनुपालन और प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।
