जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में जगदलपुर ब्लॉक साथ ओवरऑल चैंपियन



जगदलपुर। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम जगदलपुर में आयोजित जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। दो दिवसीय मुकाबलों में जगदलपुर विकासखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 115 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि लोहंडीगुड़ा 55 अंकों के साथ रनर-अप रहा। जगदलपुर ने 30 प्रथम, 7 द्वितीय और 4 तृतीय स्थानों (कुल 41) के साथ तालिका में एकतरफा बढ़त बनाए रखी। दूसरे स्थान पर रहे लोहंडीगुड़ा ने 8 प्रथम, 10 द्वितीय और 4 तृतीय स्थानों (कुल 22) के साथ 55 अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान के कड़े मुकाबले में बकावंड ने 4 प्रथम, 4 द्वितीय और 8 तृतीय स्थानों (कुल 16) के साथ 33 अंक जुटाए, जबकि बस्तर विकासखंड 1 प्रथम, 7 द्वितीय और 6 तृतीय स्थानों (कुल 14) के साथ 31 अंकों पर चौथे स्थान पर रहा। अन्य विकासखंडों में बास्तानार 1 प्रथम, 10 द्वितीय और 6 तृतीय स्थानों (कुल 17) के साथ 29 अंक लेकर पांचवें, तोकापाल 5 प्रथम, 2 द्वितीय और 4 तृतीय स्थानों (कुल 11) के साथ 25 अंक लेकर छठे तथा दरभा 1 प्रथम, 2 द्वितीय और 2 तृतीय स्थानों (कुल 5) के साथ 11 अंक अर्जित कर सातवें स्थान पर रहा। जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के समापन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का सुनहरा अवसर है। जोन और ब्लॉक स्तर से होते हुए जिला स्तर तक पहुंचे प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया तथा अपील की कि खिलाड़ी इस मंच का भरपूर लाभ उठाएं, खेल के माध्यम से आगे बढ़ें और साथ ही शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दें। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी ने बताया कि यह बस्तर ओलम्पिक का तृतीय वर्ष है। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देना आवश्यक है और सरकार विद्यार्थियों व खिलाड़ियों के लिए स्कूल, रहने की व्यवस्था तथा आश्रम-छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। पहले माओवाद समस्या के कारण अंदरूनी क्षेत्रों के बच्चों को मुख्यालयों तक पहुंचने में कठिनाई होती थी, लेकिन अब सड़क, पुल-पुलियों के निर्माण और सुविधाओं से उन्हें मुख्यधारा में लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर जिला पंचायत खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर के युवाओं को प्रतिभा दिखाने के लिए शानदार मंच और नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बस्तर जिले से एक लाख 8 हजार पंजीयन होना युवाओं के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और समाज सेवा के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। स्वागत उद्बोधन अपर कलेक्टर सीपी बघेल द्वारा दिया गया। समारोह में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप, पद्मिनी कश्यप, एमआईसी सदस्य सुरेश गुप्ता, निर्मल पाणिग्रही व अन्य जनप्रतिनिधि समेत नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन, खेल विभाग के सहायक संचालक सुशांत पॉल और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *