बस्तर की जीवन दायिनी इंन्द्रावती नदी के पानी से भोपालपटनम एवं 17 गांवों की बुझेगी प्यास



बीजापुर- बस्तर जिले की जीवन दायिनी इंन्द्रावती नदी से बस्तर के एक बड़े ईलाके में सिंचाई, निस्तार और पेयजल के लिए पानी की समुचित उपलब्धता होती है। जिससे न केवल बस्तर की एक बड़ी आबादी लाभान्वित होती है, बल्कि इस ईलाके के वन्य जीवों को भी बारहमासी पानी सुलभ होती है। अब बीजापुर जिले के भोपालपटनम में इंन्द्रावती नदी के पानी को इस क्षेत्र की जनता के लिए पेयजल मुहैया कराने हेतु भोपालपटनम-रालापल्ली समूह जल प्रदाय योजना साकार रूप ले रही है। जिससे इस ईलाके की करीबन 20 हजार आबादी को शुद्ध पेयजल मिलेगी। यही नहीं इस क्षेत्र के फ्लोराईड एवं आयरन प्रभावित क्षेत्रों के लिए यह योजना शुद्ध जलापूर्ति के लिए सहायक साबित होगी। राज्य शासन द्वारा लगभग 15 करोड़ 54 लाख रूपये की लागत से स्वीकृत भोपालपटनम – रालापल्ली समूह जल प्रदाय योजना पूर्णता पर है और वर्तमान में टेस्टिंग के साथ ही घरेलू नल कनेक्शन प्रदाय कार्य चल रहा है। इसके साथ ही कार्य की पूर्णता वाले भोपालपटनम नगरीय क्षेत्र और 5 ग्रामों में अभी पेयजल आपूर्ति की जा रही है। उक्त महत्ती पेयजल प्रदाय योजना से भोपालपटनम नगर और समीपस्थ 17 ग्रामों तिमेंड़, भटपल्ली, गोटाईगुड़ा, गोल्लागुड़ा, रामपुरम, रूद्रारम, चेरपल्ली, भट्टीगुड़ा, सण्ड्रापल्ली, अर्जुनली, चिन्नामटटुर, पेद्दामटटुर, उल्लूर, चंदनगिरी, गुल्लापेंटा, चिल्लामरका एवं मोदकपल्ली की आबादी लाभान्वित होगी। वहीं इस जल प्रदाय योजना से फ्लोराईड प्रभावित क्षेत्र गुल्लापेंटा के दो पारे-टोले, भोपालपटनम नगर पंचायत के 5 वार्डों सहित चेरपल्ली के दो पारे, पेद्दामाटूर के स्कूलपारा तथा गोटाईगुड़ा ग्राम के 3 पारे-टोले और आयरन प्रभावित 5 पारे-टोले की आबादी को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी। भोपालपटनम- रालापल्ली समूह जल प्रदाय योजना स्थापना से जुडे़ कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बीजापुर जगदीश कुमार बताते हैं कि योजना में शामिल ग्रामों में स्थापित हेण्डपंपों की जल आवक क्षमता कम होने के कारण ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल की समस्या बनी रहती थी। इसे मद्देनजर रखते हुए इन्द्रावती नदी स्त्रोत पर आधारित वृहद समूह जल प्रदाय योजना तैयार की गयी, वहीं इस योजना के लिए नाबार्ड की सहायता ली गयी। जिससे अब यह योजना साकार रूप ले रही है और जल्द ही उक्त योजना में सम्मिलित सभी ग्रामों में निर्बाध रूप से पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी। इस बारे में भोपालपटनम के वरिष्ठ नागरिक एवं सांसद प्रतिनिधी कामेश्वर गौतम कहते हैं कि बस्तर की जीवन दायिनी इंन्द्रावती नदी के तट पर स्थित होने के बावजूद इस ईलाके की एक बड़ी आबादी शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से वंचित थी। अब इस महत्ती पेयजल प्रदाय योजना के पूर्ण होने पर सभी को शुद्ध एवं साफ जलापूर्ति हो सकेगी और फ्लोराईड एवं आयरन प्रभावित क्षेत्रों के लोग जल-जनित रोगों से मुक्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *