तानाशाही पर सच्चाई की हुई जीत कवासी लखमा



जगदलपुर :- पूरे देश में तानाशाही और हिटलरशाही जैसी स्थिति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाही पर सच्चाई की जीत हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने आज जो फैसला सुनाया है, उससे न्यायपालिका की विश्वसनीयता और बढ़ गई है। हमारे नेता राहुल गांधी अपने पिता और दादी के समान निडर होकर सच्चाई के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। आने वाले चुनाव में प्रदेश में भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प सभी कांग्रेसियों का है, जो पूरा होकर रहेगा।
शुक्रवार की शाम यहां कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने उक्त बात कही। संसदीय सचिव एवं विधायक रेखचंद जैन तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित पत्रवार्ता में श्री लखमा ने कहा कि गांधी परिवार ने जो त्याग किया है उसे पूरा देश जानता है। उसी पथ पर राहुल गांधी चल रहे हैं। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पदयात्रा में उन्होंने अपना उद्देश्य स्पष्ट कर दिया है, जिसमें त्याग और सेवा ही कांग्रेस का चरित्र है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण पूरे देश के गरीब और युवा वर्ग बेहाल हैं। इसके लिए हमारा संघर्ष लगातार चल रहा है। कवासी लखमा ने कहा कि अलग-अलग संभागों में जाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल युवा वर्ग से सीधी बात कर रहे हैं। यहां भी मुख्यमंत्री का आने का कार्यक्रम बन रहा है। वे जल्दी आएंगे और बस्तर के युवाओं से खुलकर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *