अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया से मांगी सुख-समृद्धि, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

जगदलपुर 15 नवम्बर । सूर्य देवता की उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस पर्व के तीसरे दिन रविवार को शहर के गंगा मुंडा तालाब, दलपत सागर एवं इंद्रावती नदी के विभिन्न घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने जल में खड़े होकर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।
छठ पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई। इसके बाद शनिवार को व्रतियों ने खरना का विधान संपन्न किया। खरना के बाद निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु रविवार को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर पहुंचे। व्रतियों ने कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना की तथा छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की।


घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। पूजा की सामग्री से सजे टोकरे, गन्ना, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद लेकर श्रद्धालु घाटों तक पहुंचे। जैसे ही सूर्य अस्त होने लगा, घाटों पर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से वातावरण गूंज उठा। सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति देखते ही बन रही थी।
पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह रहा। लोगों ने घाटों के आसपास जमकर आतिशबाजी की, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों पर स्थानीय स्तर पर भी व्यवस्थाएं की गई थीं।
सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। व्रती प्रातःकाल घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय कठिन व्रत का पारायण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *