21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी किसानों को पूरी आदान सहायता,
बीजापुर।छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणा का भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जी. वेंकट ने स्वागत किया है।
उन्होंने इस निर्णय को प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए ऐतिहासिक सौगात और किसान हित में बड़ा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कृषक उन्नति योजना के तहत सरकार ने अब किसानों को प्रति एकड़ के आधार पर आदान सहायता देने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसान यदि 21 क्विंटल से कम धान भी बेचता है, तब भी उसे 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा के आधार पर पूरी आदान सहायता का लाभ मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से किसानों को अपनी उपज बेचने के बाद मिलने वाली सहायता राशि में किसी तरह की कमी नहीं होगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री वेंकट ने कहा कि सरकार का यह निर्णय स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता में किसान और अन्नदाता सबसे आगे हैं।
किसानों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय निश्चित रूप से उनके लिए बड़ी राहत और प्रोत्साहन का कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
खास तौर पर 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा के आधार पर सहायता मिलने का निर्णय किसानों के हित में सरकार की संवेदनशील और किसान-केंद्रित नीति को दर्शाता है।
श्री वेंकट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार किसानों की आय, कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
इसी किसान हितैषी सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णय प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत लिया गया यह निर्णय केवल आर्थिक सहायता का फैसला नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्नदाताओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इससे किसानों के बीच सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत होगा तथा कृषि क्षेत्र को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री वेंकट ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों के हित में इसी तरह लगातार प्रभावी निर्णय लेती रहेगी।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और समृद्धि के लिए सरकार की प्रतिबद्धता निरंतर बनी हुई है।
उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस घोषणा को किसान कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया।
