विरोध: पीवी 07 के ग्रामीणों ने कीचड़युक्त सड़क पर की धान के पौधों की रोपाई

छोटे कापसी (राजदीप शर्मा): – ग्राम छोटे कापसी में शांति पारा वार्ड नंबर 13 की कीचड़-युक्त गली और सड़कों से ग्रामीण परेशान हैं। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक की निष्क्रियता के विरोध में सोमवार को पूर्व विधायक मंतूराम पवार को आमंत्रित कर कीचड़-युक्त सड़क पर धान के पौधों की रोपाई कर अपनी ज्वलंत सील समस्या को बताया।

ग्रामीणों ने मंतूराम को बताया कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग करते हुए हम सभी बदहाल जिंदगी जी रहे हैं। वर्तमान विधायक,स्थानीय प्रशासन,सरपंच सहित जनप्रतिनिधि को आवेदन दिया गया परंतु किसी ने भी यहां आकर हमारी और गांव की कोई सुध नहीं ली। यहां बरसात के दिन में तो पैदल आना-जाना भी कठिनाई का काम है। यह रास्ते पर पित्तेभोडिया,ग्राम पंचायत कापसी के आश्रित ग्राम न्यूकालोनी सहित लगभग पांच गांव के ग्रामीण एवं स्कूली बच्चे आते जाते है। आवाजाही करने वालो को चप्पल हाथों में लेकर कीचड़ को पार करना पड़ता है।

स्कूली बच्चों की तो हालत इन गली को पार करने में ही खराब हो जाती है। दिन तो दिन रात को किसी को आवश्यक काम हुआ तो निकलना असंभव हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अब कीचड़-युक्त ये सड़क पानी भरने के कारण खेत की तरह हो गई है। चलने लायक नहीं रह गई है, तो इसमें धान के पौधे लगा देते हैं कम से कम फसल तो अच्छी हो और हम धान बेचकर खुद ही सड़क बनवा सके। ग्रामीणों ने कहा कि हमारी सड़क जिस नेता की मदद से बनेगी हम सब उसी को अपना वोट देंगे।

स्थानीय विधायक पर जनहित की अनदेखी का आरोप

पूर्व विधायक मंतूराम पवार ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है, तब से पूरे प्रदेश में विकास और जनता की मूलभूत सुविधाओं के कार्यों का निर्माण ठप्प पड़ा हुआ है। उन्होंने स्थानीय विधायक पर जनहित की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके विधायक व नेतागण प्रदेश के खनिज संपदा की खुलेआम लूट अपनी खुद की काली कमाई करने के लिए कर रहे है और जिन कार्यों में उनके चहेते ठेकेदार, रिश्तेदार या भरपूर कमीशन वसूली की सुविधा है, वहां पर कांग्रेसी नेता कार्य करने में रुचि दिखाते हैं।

मंतूराम ने कहा कि गड्ढे और कीचड़ से भरी इस गांव की सड़कों पर वाहन तो क्या पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जान-माल का खतरा बना है। कई दापे ग्रामीणों को चोट तक लगी है। परंतु स्थानीय विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र कापसी पीवी 07 में की कीचड़युक्त सड़क देखने आने-जाने की फुर्सत नहीं है। उन्होंने कलेक्टर से बात कर इस समस्या से निजात दिलाने हरसंभव प्रयास का आश्वासन ग्रामीणों को दिया है।

धान रोपाई करने में भवने देवनाथ,गोपी चक्रवत्री,गौत्तम हालदार,लालू बछड़ा,सुमित देवनाथ,त्रिनाथ विस्वास,बिपुल विस्वास,अंजली मजूमदार,शोभा मजूमदार,साधना बछड़,जया बछड़ा,सुषमा बक्शी,सुजीत विस्वास,रतन राय,तपन,सपन सरकार,अशोक विस्वास आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *