भाजपा के लोगों ने शुरू किया मंदिरों की सफाई का अभियान



जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक आह्वान पर मंदिरों की साफ सफाई के लिए भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत रविवार को श्रीराम जानकी मंदिर से की गई।
अयोध्या के श्रीराम जन्म स्थान पर निर्माणाधीन मंदिर 22 जनवरी को प्रभु श्री रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। पांच सौ वर्षों बाद रामलला टेंट से निकलकर भव्य मंदिर के गर्भगृह में विराजेंगे। इसे लेकर सनातन धर्मावलंबियों में जबरदस्त उत्साह है। कोई प्रभु श्रीराम के दर्शन करने पैदल अयोध्या जा रहा है, तो कोई सायकल से। गांव – गांव में श्रीराम चरित मानस का पाठ चल रहा है। बस्तर संभाग के कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद मोहन मंडावी अपने संसदीय क्षेत्र में श्रीराम चरित मानस (रामायण) की पचास प्रतियां वितरित कर गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड्स में नाम दर्ज कराने जा रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन दिन पहले अपने नासिक (महाराष्ट्र) प्रवास के दौरान श्री काला राम मंदिर में पूजा अर्चना कर मंदिर परिसर की सफाई की थी। वहीं से श्री मोदी ने देशवासियों से अपने अपने गांव शहरों और मोहल्लों के मंदिरों की साफ सफाई एवं रंग रोगन करने का आह्वान किया था। इस आह्वान का व्यापक असर हुआ है और लोग इस पवित्र कार्य में जुट गए हैं। जगगदलपुर में भी भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं। शहर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय के नेतृत्व में रविवार को मंदिरों की साफ सफाई का शुभारंभ श्रीराम जानकी मंदिर से किया गया। श्री गुप्ता, श्री पाण्डेय तथा अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे मंदिर परिसर की सफाई की। सुरेश गुप्ता और संजय पाण्डेय ने कहा है कि एक – एक कर शहर के सभी मंदिरों की सफाई की जाएगी। नेताद्वय ने समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और धर्म अनुरागियों से रामकाज में योगदान की अपील की है। उल्लेखनीय है कि इन दोनों नेताओं के नेतृत्व में कुछ दिन पहले ही शहर के घर घर जाकर लोगों को श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *