शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हुआ आगाज



जगदलपुर :- शहर के हृदय स्थल भंगाराम चौक पर नवनिर्मित शिव मंदिर में शिव प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन 20 से 23 जनवरी तक जारी है। श्रीधाम वृंदावन से पधारे आचार्य पं. अनिरुद्ध शास्त्री के मार्गदर्शन में वेद मंत्रों के बीच वेदी पूजा व देवी- देवताओं के आह्वान के साथ अनुष्ठान प्रारंभ हुआ।1. 30 बजे कलश यात्रा निकली। शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ हुई नगर के मुख्य मार्ग, गुरु नानक चौक, दंतेश्वरी मंदिर के सामने से होकर गोल बाजार चौक, सिरहासार चौक, माता मंदिर पथरागुड़ा, भगत सिंह स्कूल, लागबाग मैदान होती हुई मंदिर लौटी। शोभा यात्रा में विभिन्न देवी देवताओं का रूप धरे बच्चों की जीवंत झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं सिर पर कलश लिए पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हर-हर महादेव व ॐ नमः शिवाय घोष के साथ चल रहे थे। 21 जनवरी रविवार को सुबह 7 बजे से मंत्र जाप और हवन पूजन का कार्यक्रम होगा। 22 जनवरी की सुबह 7 बजे से कलश स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का आयोजन होगा। सोमवार 23 जनवरी को 11.30 बजे से महाभंडारा के साथ समारोह का समापन होगा। भंगाराम शिव मंदिर निर्माण समिति ने शिव भक्तों से इस धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

51 फीट ऊंचा है यह मंदिर
लगभग 51 फीट ऊंचाई वाला बना यह शिव मंदिर शहर व अंचल के निवासियों की आस्था व आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी व पुष्पों से सजाया गया है। मंदिर की सुंदरता देखते बनती है। वर्षों से इस मंदिर निर्माण में लगे समिति के सदस्यों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह की सारी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। नव निर्मित मंदिर में शिव प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *