बुलडोजर कल्चर न्याय संहिता का घोर उल्लंघन दीपक बैज


बुलडोजर चलाना भाजपा का अतिवादी चरित्र : कांग्रेस

रायपुर। भाजपा सरकार द्वारा की जा रही बुलडोजर की कार्यवाही को कांग्रेस ने भाजपा का अलोकतांत्रिक और अतिवादी चरित्र बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि यह भय और आतंक फैलाने के लिए ऐसी कार्रवाई की जा रही है। अपराधी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। अपराध और अपराधी के खिलाफ कार्रवाई के लिए बाबा साहेब का संविधान है। यदि किसी ने अपराध किया है, तो कानून के अनुसार पुलिस कार्यवाही करे और न्यायालय उस पर फैसला सुनाएगा। बिना कानूनी प्रक्रिया के सरकार का बुलडोजर चलाना तालिबानी प्रवृत्ति है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि घर में पूरा परिवार रहता है। अपराध कोई एक व्यक्ति करता है। एक व्यक्ति के अपराध की सजा पूरे परिवार को नहीं दी जानी चाहिए। अपराधी के मां- बाप, पत्नी, बच्चे, भाई- बहनों का क्या अपराध है कि उन्हें बेघर कर दिया जाए। कांग्रेस भाजपा के इस अतिवादी चरित्र की कड़ी निंदा करती है। दीपक बैज ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई पहले भी नियमित रूप से होती रही है। तय प्रक्रिया के अनुसार नोटिस भेजकर सुनवाई का अवसर देने के बाद ही सख्त कार्रवाई करना प्रशासन का दायित्व है। केवल राजनीतिक लाभ के लिए डर और भय का वातावरण बनाने इस तरह विध्वंसात्मक कार्रवाई अन्याय है। भाजपा शासित राज्यों में न्याय के नाम पर बुलडोजर एक्शन के खिलाफ उच्च न्यायालयों और सर्वोच्च न्यायालय ने भी गंभीर टिप्पणी की है। भाजपा का बुलडोजर सदैव गरीब और आम जनता के ऊपर ही चलता है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने मौली माता मंदिर, मरही माता मंदिर, खालसा स्कूल के पास की झोपड़पट्टी और गुमटियों पर बिना व्यवस्थापन के बुलडोजर चलाया गया। अब फिर से प्रदेश में सरकार बनते ही इस प्रकार से असंवैधानिक और गैर कानूनी कार्रवाई शुरु हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *