तो हसदेव अरण्य की चिंता क्यों नहीं करती भाजपा – जावेद खान



जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बस्तर संभागीय प्रभारी प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपुर विधायक एवं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव द्वारा वन संरक्षण एवं वनोपज आधारित आजीविका संवर्धन हेतु संयुक्त वन प्रबंधन समितियों की कार्यशाला में दिए गए बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि भाजपा सरकार हसदेव अरण्य की चिंता क्यों नहीं करती?
कार्यशाला में किरण देव ने कहा था कि मनुष्य के जीवन में वनों का विशेष महत्व है, हमें वनों की रक्षा करनी चाहिए। जावेद खान ने कहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की यह सोच बेहद सराहनीय है। यह पर्यावरण के प्रति सकारात्मक और प्रकृति प्रेम वाली सोच को दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश की भाजपा सरकार के संरक्षण में कोल माइनिंग के नाम पर हसदेव के जंगलों को उजाड़ा जा रहा है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मूकदर्शक बने बैठे हैं। कांग्रेस नेता जावेद खान ने कहा है कि हसदेव के वनों की रक्षा करने आगे आने वालों को नजरबंद कर वनों की कटाई की जा रही है। ऐसे में क्यों किरण देव हसदेव के वनों की रक्षा करने आगे नहीं आ रहे हैं, क्यों मोदी सरकार को हसदेव के वनों को काटने से रोक नहीं रहे हैं, ऐसी कौन सी शक्ति उन्हें वनों की रक्षा करने से रोक रही है? यह बात वो जनता के सामने स्पष्ट करें। जबकि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकारें हैं एवं किरण देव स्वयं छत्तीसगढ़ भाजपा के नेतृत्वकर्ता हैं।जावेद ने कहा है यदि किरण देव की कथनी और करनी में अंतर नहीं है, तो तत्काल प्रदेश की जनता की भावनाओं, आदिवासियों के जल जंगल और जमीन के हित और वहां के आदिवासियों द्वारा किए जा रहे संघर्ष को देखते हुए हसदेव के वनों की कटाई पर रोक लगवाएं एवं मनुष्य के जीवन में वनों का विशेष महत्व वाले बयान को सार्थक कर दिखाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *