वर्षों से बकाया किराया राशि नहीं पटाने पर सील की गईं 12 दुकानें
जगदलपुर :- सालों से बकाया राशि न पटाने वाले बारह व्यवसाईयों की दुकानों को नगर निगम ने सील कर दिया है। नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी के इस कड़े तेवर से बकायादारों में हड़कंप मच गया है।
नगर निगम आयुक्त बकाया राजस्व वसूली के लिए लगातार राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा कर वसूली पर जोर देते आ रहे हैं। आयुक्त श्री मंडावी दुकान किराया राशि तथा जलकर व अन्य करों की वसूली के संबंध में लगातार बैठक कर वसूली की प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं। श्री मंडावी के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम के राजस्व अमले ने कार्रवाई करते हुए बरसों से दुकानों की बकाया किराया राशि नहीं पटाने वाले 12 दुकानदारों की दुकानों को सील करने की कार्रवाई की। शहर के चांदनी चौक रोड पशु चिकित्सालय के पास के दुकानदारों को नगर निगम द्वारा दुकानों की किराया राशि पटाने के लिए लगातार नोटिस दिए जा रहे थे, परंतु दुकानदारों द्वारा किराया राशि नहीं पटाई जा रही थी। अंततः शुक्रवार को निगम अमले द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी दुकानें सील कर दी गईं। इस कार्रवाई के तत्पश्चात देर शाम पांच दुकानदारों ने बकाया राशि पटा दी। इसके बाद ही उनकी दुकानों को खोला गया। आयुक्त हरेश मंडावी ने बताया कि समेकित व संपत्ति कर बरसों से नहीं अदा करने वाले बकायादारों की सूची सार्वजनिक की गई है। ऐसे बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिया गया है। साथ ही दुकानों का किराया नहीं पटाने वाले दुकानदारों की दुकानें सील करने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। इस कार्रवाई से बचने के लिए सभी अपने बकाया करों का समय रहते भुगतान करें और होने वाली कार्रवाई से बचें।दुकानों की सीलिंग की कार्रवाई को राजस्व अधिकारी मीनाक्षी नाग, विनय श्रीवास्तव, चदंन प्रजापति, दिनेश सिंह वह अन्य अधिकारी कर्मचारियों ने अंजाम दिया।
