भले ही हम चुनाव हार गए, मगर हौसले अभी टूटे नहीं हैं : दीपक बैज
कोरबा और सरगुजा में पार्टी नेताओं की ली अहम बैठक
जगदलपुर (अर्जुन झा ):- लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की विजय पताका फहराने और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए बड़े कांग्रेस नेता जुट गए हैं। न्याय यात्रा राज्य में रायगढ़ सरगुजा इलाके से प्रवेश करने वाली है। कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत राज्य के उत्तर – पूर्वी जिलों में लगातार बैठकें लेकर वहां के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहे हैं।

विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस लोकसभा चुनाव में कोई रिस्क लेना नहीं चाहती। इसीलिए कांग्रेस के नेता धुंआधार बैठकें कर रहे हैं। ये बड़े नेता पार्टी के मैदानी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें रिचार्ज करने में दिन रात लगे हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत कोरबा, रायगढ़, सरगुजा, अंबिकापुर, जांजगीर चांपा समेत उस अंचल के सभी जिलों में लगातार सक्रिय हैं। इन नेताओं ने कल कोरबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कर आगामी लोकसभा चुनाव एवं राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सिलसिले में पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक ली। श्री पायलट, श्री बैज और डॉ. महंत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम विधानसभा चुनाव में भले ही ज्यादा सीटें नहीं जीत पाए, मगर हमारा हौसला टूटा नहीं है। भाजपा ने झूठे वादे कर और छल प्रपंच के दम पर चुनाव जीता है। भाजपा सरकार अब तक एक भी चुनावी वादा पूरा नहीं कर पाई है। मोदी की गारंटी हवा हवाई साबित हो रही है। भाजपा ne महिलाओं को छला है, किसानों को धोखा दिया है, बेरोजगार युवाओं के साथ विश्वासघात किया है।हमें लोकसभा चुनाव में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है। जनता को भाजपा की सच्चाई बताना है। श्री बैज ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इसी अंचल में प्रवेश करने वाली है। इसलिए आप सबकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। यात्रा को सफल बनाना है और राहुल जी के उद्देश्यों को जन जन तक पहुंचाना है। तीनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आवश्य दिशा-निर्देश भी दिए। आज पीसीसी चीफ व सांसद बस्तर दीपक बैज ने सरगुजा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव व भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन व कार्यकर्ता मौजूद थे।
