गांवों के मतदाताओं के भरोसे चुनावी वैतरणी पार करेगी भाजपा



चौपाल लगाएंगे और घर- घर जाकर देंगे राज्य -केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी

छ्ग की सभी 11 लोकसभा सीटों पर विजय पताका लहराने का लक्ष्य

जगदलपुर (अर्जुन झा):- विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भी विजय पताका फहराने के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। इसके तहत का गांव चलो अभियान रविवार को जोरशोर से आरंभ कर दिया गया। 11 फरवरी तक भाजपा के कार्यकर्ता गांवों में डेरा डालेंगे, वहीं रात्रि विश्राम भी करेंगे और घर-घर सघन जनसंपर्क कर राज्य व के द्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को देकर उन्हें भाजपा के पक्ष में करने की पहल करेंगे।

विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उत्साह से भरे हुए हैं। वे आसन्न लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर विजय पताका फहराने के लिए कमर कस कर डट गए हैं। लोकसभा चुनाव में महाविजय का लक्ष्य निर्धारित कर भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों पर गांव चलो अभियान के माध्यम से पूरा फोकस कर रही है। आम धारणा है कि भाजपा को गांवों में अपेक्षाकृत कम वोट मिलते हैं। जबकि केंद्र और राज्य सरकार की अधिकतर योजनाएं गांव, गरीब, मजदूर और महिलाओं के उत्थान पर ही केंद्रित हैं। वोटों की खाई को पाटने के लिए ही भाजपा लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही गांवों पर ज्यादा फोकस कर रही है। भाजपा का गांव चलो अभियान इसी की एक कड़ी है। अभियान का आगाज आज 4 फरवरी को हुआ। आज पहले दिन बस्तर जिले के सभी 11 मंडलों के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता पहुंच गए।बैठकों के बाद ग्रामीणों से मेल मुलाकात का काम आरंभ कर दिया गया। गांव चलो अभियान के जिला संयोजक योगेंद्र पाण्डेय, सह संयोजक वेदप्रकाश पाण्डेय व बलदेव मंडावी ने भानपुरी व लोहंडीगुड़ा के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र का दौरा किया और कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। जिला संयोजक श्री पाण्डेय ने बताया कि गांव चलो अभियान में जिले के सभी गांवों में भाजपा के कार्यकर्ता पहुंचेंगे और ग्रामीणों से जीवंत संपर्क स्थापित करेंगे। सभी 11 मंडलों में गांव चलो अभियान को मूर्त रुप देने संयोजकों व सह संयोजकी की नियुक्ति कर उन्हें दायित्व सौंपा गया है। भाजपा के गांव चलो अभियान के आरंभ में प्रमुख रूप से बैदूराम कश्यप, नरसिंह राव, संतोष बघेल, नरसिंह ठाकुर, सुब्रतो विश्वास, सतीश सेठिया, परिस बेसरा, फूल सिंह सेठिया आदि सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *