मध्यान्ह भोजन योजना के सुचारु संचालन के लिए निर्देश दिए डीईओ भारती प्रधान ने



जगदलपुर। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जगदलपुर में बुधवार को शाम 4 बजे से प्रधान अध्यापकों की बैठक जिला शिक्षा अधिकारी जिला बस्तर भारती प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में उन शालाओं के प्रधान पाठक एवं पूर्व में कार्यरत स्व सहायता समूह को जहां मध्यान्ह भोजन का संचालन प्रधान अध्यापक के माध्यम से किया जा रहा है के मध्य चर्चा की गई। बैठक में शिक्षकों द्वारा समूह संबंधी समस्याओं से जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया। शिक्षकों ने कहा कि प्रत्येक प्रधान अध्यापक चाहते हैं कि मध्यान्ह भोजन का संचालन स्व सहायता के ही माध्यम से किया जाए, किंतु कुछ शालाओं में दर्ज संख्या कम होने के कारण कोई भी समूह संचालन कार्य करना नहीं चाहता। इस संबंध में पार्षद एवं सरपंच को भी शाला द्वारा पत्र लिखा गया किंतु पार्षद व सरंपच ने नए समूह की व्यवस्था नहीं की।मजबूरन प्रधान अध्यापक के माध्यम से मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान एवं खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को स्व सहायता समूह के माध्यम से मध्यान्ह भोजन संचालन के सबंध में पार्षद व सरपंच से पुन: लिखित में समूह की व्यवस्था की मांग करने एवं नए समूह को मध्यान्ह भोजन संचालन हेतु प्रेरित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के पश्चात शिक्षकों के द्वारा नए सिरे से मध्यान्ह भोजन हेतु स्व सहायता समूह के लिए प्रयास करने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *