अपहरण और हत्या की घटनाओं में शामिल दो महिला मिलिशिया सदस्य गिरफ्तार



जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सली विरोधी अभियान के तहत दो फरार महिला नक्सली मिलिशिया सदस्यों को गिरफ्तार करने में सुरक्षा बलों को कामयाबी मिली है। पकड़ी गई दोनों महिला माओवादियों पर दस – दस हजार का ईनाम घोषित है।
21 फरवरी को बीजापुर जिले की मद्देड़ थाना पुलिस का बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ की 170वी वाहिनी की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर लोदेड़ की ओर निकली थी। इसी दौरान ग्राम लोदेड़ से दो फरार महिला नक्सली मिलिशिया सदस्यों को पकड़ा गया। पकड़ी गई माओवादियों के नाम सरिता और टिंगे मीना बताए गए हैं। आरोप है कि
पकड़ी गई महिलाएं 26 म़़ई 2010 को ग्राम लोदेड़ के ग्रामीण के अपहरण एवं हत्या करने की घटना एवं 21 जुलाई 2010 को ग्राम संगमपल्ली निवासी के अपहरण एवं हत्या करने की घटना में शामिल रही हैं। दोनों के खिलाफ मद्देड़ थाने में स्थाई वारंट लंबित हैं तथा पुलिस अधीक्षक बीजापुर की ओर से इन दोनों की गिरफ्तारी के लिये 10- 10 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के विरूद्ध थाना मद्देड़ में कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उन्हें बीजापुर के न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *