नगर निगम को अपनी निजी जागीर समझने की भूल न करें निगम अध्यक्ष – संजय पाण्डेय



सामान्य सभा बैठक तिथि पर अध्यक्ष कर रहीं दुष्प्रचार
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय ने कहा है कि नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू अपने खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने से बचने के लिए बजट हेतु नियत सामान्य सभा को स्थगित करने भ्रामक प्रचार कर रही हैं। वस्तुतः ऐसा कोई भी पत्र नगर निगम कार्यालय से निगम के सचिव या निगम के आयुक्त द्वारा जारी नहीं किया गया है। वास्तव में जो पत्र जारी होने की सूचना मिल रही है, वह कविता साहू का लिखा व्यक्तिगत पत्र है, जिसे वह डाक द्वारा स्पीड पोस्ट के माध्यम से पार्षदों के घर भिजवा रही हैं। उस पत्र का निगम प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। निगम अध्यक्षा कविता साहू नगर निगम को अपनी जागीर और दुकान समझ बैठी हैं कि उसे जब चाहे तब वह बंद करें या खोल सकती हैं।
वस्तुतः निगम अध्यक्ष अपने बुने हुए जाल में स्वयं फंस गई हैं और अब अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने की बजाय षडयंत्रपूर्वक लटकाने के लिए विविध प्रकार की कूट रचना कर रही हैं। यदि बजट बैठक स्थगित होती है, तो यह बजट आचार संहिता के चलते आने वाले तीन महीने के लिए टल जाएगा। इसका नतीजा यह होगा कि नगर निगम का बजट पारित नहीं हो पाएगा और उसके कारण नगर निगम अपने विकास कार्य से 1 साल पिछड़ जाएगा। निगम की महापौर और अध्यक्ष इस प्रकार से निगम बजट को धता बताकर अपने कुर्सी को बचाने प्रयासरत हैं, जो कि पूरी तरह असंवैधानिक और लापरवाही की पराकाष्ठा है। संजय पांडे ने कहा है कि निगम अध्यक्ष को चाहिए था कि वह पार्षद दल के ज्ञापन दिनांक 5 मार्च
2024 जिसकी प्रतिलिपि उन्हें दी गई थी, उसका जवाब दें। यह बेहद आश्चर्य का विषय है कि 29 पार्षदों का दम भरने वाली कांग्रेस में आज प्रदेश अध्यक्ष से लेकर स्थानीय संगठन तक अपने ही पार्षदों पर अविश्वास करते हुए उन्हें कायरता पूर्वक पलायन करने दबाव बना रहा है। कांग्रेस के नेता निगम अध्यक्ष जो कि भारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और तानाशाही पूर्वक रवैये के कारण पूरे शहर में चर्चित हैं, उन्हें पदच्युत करने और अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने के बजाए, बचाने के प्रयास में लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *