राजनांदगांव में शुरू हो गया सोशल मीडिया वार



जगदलपुर। दो पूर्व मुख्यमंत्रियों डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल की नाक का सवाल बन चुकी राजनांदगांव लोकसभा सीट पर अब सोशल मीडिया वार शुरू हो गया है। भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक कार्टून इन दिनों सुर्खियों में है। इस कार्टून को शीर्षक दिया गया है – राजनांदगांव या जिहाद गांव, चुनाव आपका है।
लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने सोशल मीडिया वार तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज भाजपा ने राजनांदगांव सीट को लेकर एक कार्टून पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है राजनांदगांव या जिहादगांव? ज्ञात हो कि राजनांदगांव सीट विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव दोनों ही चुनावों में काफी अहम सीट मानी जाती है। यहां से भाजपा के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह चुनाव लड़ते आए हैं और यह उनका संसदीय क्षेत्र है। वर्तमान में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए यहां से पूर्व सीएम भूपेश बघेल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। चूंकि राजनांदगांव सीट पर दो दिग्गज और दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लग चुकी है, लिहाजा यहां का चुनाव काफी रोचक हो गया है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर विश्वास करते हुए कांग्रेस ने यहां से चुनावी हुंकार भरी है, वहीं भाजपा ने इस पर एक तरह से चुटकी लेते हुए यह कार्टून जारी कर दिया है। कवर्धा में हुई सांप्रदायिक घटना को देखते हुए भाजपा ने कार्टून में यहां तक लिख दिया है कि राजनांदगांव या जिहादगांव?चुनाव आपका है। इस कार्टून में भूपेश बघेल और कवर्धा का प्रतिनिधित्व करते आए मो. अकबर को कैरेक्ट के रूप में दिखाया गया है। कांग्रेस पर आरोप लगते रहे हैं कि वह वर्ग विशेष के तुष्टिकरण के लिए ही काम करती है और कवर्धा में जो भी साम्प्रदायिक घटनाएं हुई उनके छिंटे कांग्रेस पर भी पड़े थे। अब देखने वाली बात है कि कांग्रेस की इस पर कैसी प्रतिक्रिया आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *