रामलला के दर्शन कर अभिभूत हो उठे हैं बस्तर के श्रद्धालु



जगदलपुर। पांच दिन पहले जगदलपुर स्टेशन से करीब 1100 से अधिक रामभक्तों के जत्थे को लेकर अयोध्या रवाना हुई आस्था स्पेशल ट्रेन सोमवार सुबह वापस लौटी। इस मौके पर एकबार फिर जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर माहौल भक्तिमय नजर आया। प्लेटफार्म पर ढोल-नगाड़े बज रहे थे, ट्रेन से उतरने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही स्टेशन पर मौजूद लोग भी जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। रामभक्तों का यह जत्था जिस उत्साह के साथ भजन- कीर्तन करते और नाचते-गाते ट्रेन से रवाना हुआ था, उसी अंदाज में उनकी वापसी भी हुई। स्टेशन पर कई श्रद्धालु ढोल-नगाड़े की धुन पर नाचते नजर आए। उनके चेहरों पर रामलला के अलौकिक दर्शन का आनंद साफ झलक रहा था। जगदलपुर रेल्वे स्टेशन में भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने सभी श्रद्धालुओं का ढोल बजाकर व पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया।

यात्रियों ने सुनाए अपने अनुभव
इस मौके पर अनेक श्रद्धालुओं ने अपनी अयोध्या यात्रा के अनुभव भी साझा किए। रामलला की मनोहारी मूरत, राम मंदिर की दिव्यता और अयोध्या नगरी की भव्यता के किस्से उन्होंने लोगों को बताए। श्रद्धालुओं का यही कहना था कि रामलला के दर्शन कर जीवन धन्य हो गया। 500 वर्षों के इंतजार के बाद अब जाकर यह शुभ अवसर आया कि अयोध्या के भव्य मंदिर में रामलला विराजित हुए और हमें उनके दर्शन का पुण्यलाभ मिला।

भाजपा प्रत्याशी का माना आभार
आयोध्या दर्शन के पश्चात जगदलपुर लौटे सुकमा के श्रद्धालुओं की टोली ने रामलला के दर्शन करने हेतु भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप द्वारा किए गए सहयोग हेतु उनका आभार व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि भगवान राम के दर्शन करके हम सभी धन्य हो गए। आपकी विजय हो यही कामना भगवान राम से हमारे द्वारा की गई है। बता दें कि 6 मार्च को अयोध्या हेतु जगदलपुर से निकली आस्था स्पेशल ट्रेन में रवाना होने से सुकमा के दर्शनार्थी विलंब के कारण छूट गए थे, जिन्हें भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप व अन्य भाजपा नेता सुरेश गुप्ता व संजय पांडे की मदद से अन्य स्टेशन तक पहुंचाकर सकुशल आयोध्या की ओर रवाना किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *