कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा की रुपए बांटते फोटो वायरल, आयोग ने पुलिस में दर्ज कराई एफआईआर



जगदलपुर। बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन प्रकरण में निर्वाचन आयोग की ओर से कोतवाली थाना जगदलपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दो दिन पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित एक फोटो के आधार पर आयोग ने यह कारवाई की है। प्रसारित फोटो में जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर के सामने होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान कवासी लखमा अपने हाथों से आयोजन समिति के लोगो को पैसे देते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पास में ही खड़े कुछ लोगों ने तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर इसे सोशल मीडिया में प्रसारित कर दिया। भाजपा ने इस मामले को मुद्दा बना लिया है। यह प्रकरण चुनाव आयोग के पास पहुंचा। जिसके बाद 25 मार्च की देर शाम जगदलपुर सिटी कोतवाली में कवासी लखमा, बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के विरुद्ध लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123, इंडियन पेनल कोड की धारा 171 बी, 171 ग और 171 ई, एवं 188 के तहत अपराध घटित करते पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अपर कलेक्टर बस्तर सीपी बघेल ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी कवासी लखमा को खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन करते पाए जाने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

होलिका दहन के लिए दान
इस मामले में सह आरोपित शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बस्तर सुशील मौर्य ने कहा है की सोशल मीडिया में प्रसारित फोटो के आधार पर निर्वाचन आयोग ने भाजपा के बी टीम की तरह काम करते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जबकि सच्चाई यह है की कवासी लखमा दंतेश्वरी मंदिर गए हुए थे, जहां होलिका दहन समिति के कहने पर भगवान के नाम पर उन्होंने दान किया था। वे वहां वोट मांगने नहीं गए थे। मामले को अनावश्यक तूल दिया गया है।

कांग्रेस को धन बल का सहारा
वहीं बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा है कि कांग्रेस धन बल से चुनाव जीतना चाहती है। कांग्रेस प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है, इसमें आयोग ने विधि सम्मत कारवाई की है।

लखमा कल भरेंगे पर्चा
बुधवार को नामांकन पत्र जमा करने का अंतिम दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा के नामांकन पत्र जमा करने के अवसर पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के लिए बस्तर पहुंच रहे हैं।
यहां बता दें कि कवासी लखमा कोंटा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार के विधायक हैं। साल 2023 के चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की। अब पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है। उनके सामने भाजपा के महेश कश्यप प्रत्याशी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *