केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर महिला को मिलेगा सालाना एक लाख रूपए – दीपक बैज



जगदलपुर। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस देश के हर वंचित वर्ग के विकास की गारंटी देती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा महिलाओं को 1000 रू. देने की बात करती है। कांग्रेस हर महिला को 8333 रू. महीना देगी। कांग्रेस ने महिलाओं के लिये महालक्ष्मी योजना लागू करने का वादा किया है। जिससे हर महिला को एक लाख रू. हर साल देने की गारंटी है।
दीपक बैज के मुताबिक कांग्रेस का मानना है कि देश की उन्नति तभी संभव है जब आधी आबादी आत्मनिर्भर बन जाएगी। इसलिए कांग्रेस ने मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का बीड़ा उठाया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि महिलाओं को एक लाख रू सालाना देने के कांग्रेस के निर्णय को कांग्रेस के कार्यकर्ता 11 लोकसभा क्षेत्रों में हर महिला मतदाता तक पहुंचाएंगे इस हेतु पार्टी बैनर, पाम्पलेट एवं प्रचार फार्म का सहारा लेगी। जिसके माध्यम से महिलाओं को बताया जाएगा कि कांग्रेस की सरकार उनकी आर्थिक उन्नति के लिए कितना बड़ा क्रांतिकारी कदम उठाएगी। श्री बैज ने भरोसा जताया है कि लोकसभा चुनाव में महिलाओं का समर्थन कांग्रेस को मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की केंद्र सरकार महिलाओं को सालाना 1 लाख देने के अलावा उन्हे आत्मनिर्भर बनाने के लिए और भी अनेक कदम उठाएगी। कांग्रेस की सरकार केंद्रीय नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं की करेगी। आशा वर्कर, आंगनबांड़ी तथा मिड डे मील कार्यकताओं को केंद्रीय सहायता कांग्रेस की सरकार बनने पर दोगुनी की जाएगी। महिलओं के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रत्येक पंचायत में कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी। देश के सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए हास्टल बनाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *