बीजापुर जिले के बासागुड़ा में फिर खेली गई खून की होली, तीन युवकों की हत्या



जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में सोमवार को दिनदहाड़े बासागुड़ा की नदी पार बस्ती में अज्ञात लोगों ने 3 युवकों पर हमला कर दिया। हमले में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई एक गंभीर रूप घायल हो गया था, जिसने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बासागुड़ा में दम तोड़ दिया।
जिन ग्रामीणों मौत हुई है, उनके नाम चंद्रिया मोडियम (25), अशोक भंडारी (24) और कारम रमेश (25) हैं। सभी ग्रामीण युवक बासागुड़ा के कलार पारा के रहने वाले थे। दो युवकों की घटना स्थल पर मौत होने की जानकारी मिली है। वहीं एक युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार व कुल्हाड़ी से हमला किया था। तीनों ग्रामीणों के शव बासागुड़ा थाना लाए गए। जानकारी अनुसार इन ग्रामीणों का पोस्टमार्टम आवापल्ली में किया गया। घटना 5-6 बजे के बीच की बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि बाजार पारा के समीप होली खेलने के समय अज्ञात लोगों ने हमला किया। बासागुड़ा थानाक्षेत्र की घटना है। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव के अनुसार बासागुड़ा के पुसबाका रास्ते में तीन ग्रामीण की हत्या हुई है। इस घटना के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा नक्सली घटना पर पुष्टि नहीं की गई।रविवार रात में डीआरजी जवान पर नक्सलियों ने हमला किया था। होली के एक दिन पहले नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम ने अटल आवास बीजापुर में डीआरजी जवान दीपक दुर्गम पर गोली चलाई थी। जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था,जिला अस्पताल में उपचार बाद जवान को बीजापुर से ही रात में हैलीकॉप्टर द्वारा रायपुर रेफर किया गया। बीजापुर शहर में हुई घटना से एक बार फिर दहशत का माहौल बना हुआ है। होली के दिन 24 घंटे के अंदर दूसरी घटना बासागुड़ा क्षेत्र में हुई है। जहां 3 ग्रामीणों की हत्या धारदार हथियार से की गई। इस तरह की घटनाओं से बासागुड़ा के साथ क्षेत्र भी दहल गया है। एसपी जितेंद्र यादव ने जिले थाना क्षेत्र में इस तरह की घटना होने से सुरक्षा बलों को सर्चिंग अभियान तेज करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *