डॉ. अंबेडकर को प्रताड़ित और अपमानित करने वाले संविधान की बात न करें: केदार कश्यप



अर्जुन झा-
जगदलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काला दिवस संबंधी बयान पर वन मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार करते हुए करारा जवाब दिया है। केदार कश्यप ने कहा है कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को प्रताड़ित और अपमानित करने वाले कांग्रेसी आज संविधान की दुहाई दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के मुंह से संविधान की बात शोभा नहीं देती।


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि आज आपातकाल से बदतर स्थिति है। मुख्यमंत्रियों को जेल भेजा जा रहा है। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने संविधान के साथ खिलवाड़ किया, जिन्होंने संविधान खत्म करने की साजिश रची, वह आज संविधान का किताब लेकर घूम रहे हैं। कांग्रेस को यह शोभा नहीं देता। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में संविधान की किताब को लेकर प्रचार किया था। संविधान बनाने में कितना समय लगा शायद कांग्रेसियों को पता नहीं है। कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को कदम दर कदम प्रताड़ित और अपमानित किया था। बॉम्बे में चुनाव में बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के खिलाफ कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी खड़ा किया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उनके खिलाफ प्रचार भी किया था। जो पार्टी संविधान रचयिता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति हद दर्जे की दुर्भावना रखती थी, उसी कांग्रेस के नेता आज बाबा साहेब के लिखे पवित्र ग्रंथ की दुहाई देते फिर रहे हैं। यह उनका दोहरा चरित्र है। वास्तव में संविधान की हत्या तो कांग्रेसी प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर की थी। संविधान में सौ से अधिक बार संशोधन करके कांग्रेस ने संविधान का जिस कदर मजाक बनाया है, उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ऐसे में भूपेश बघेल संविधान की बात न ही करें तो अच्छा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *