धरती माता का आभार: प्रकट करने का पर्व है हरेली: सरपंच संतोष कुमार कश्यप



बकावंड पूरे छत्तीसगढ़ के साथ ही बस्तर में हरेली तिहार का विशेष महत्व है। प्रकृति, खेती-किसानी और पशु धन से जुड़ा यह त्यौहार बस्तर में पूरी श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जाता है। बकावंड विकासखंड में भी यह पर्व आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। कोसमी ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्रामीणों ने अपने अपने घरों में नांगर, कृषि उपकरणों, पशु धन, धरती माता की पूजा अर्चना की।
ग्राम कोसमी में बस्तर हरेली की धूम मची हुई है। यहां के सरपंच संतोष कुमार कश्यप, ग्राम पुजारी, सिरहा, सियान सजन और ग्रामीणों ने मिलकर ग्राम देवी देवताओं की आराधना की। सरपंच संतोष कुमार, सभी पंचों और ग्रामीणों ने अपने अपने घरों के पशु धन, नांगर, बक्खर, फावड़ा, कुदाल, ट्रैक्टर आदि कृषि यंत्रों की विधि विधान से पूजा अर्चना की। यंत्रों को नारियल, चीला तथा अन्य घरेलू पकवानों का भोग अर्पित किया गया। इससे पहले सभी गाय बैलों भैंसों और कृषि यंत्रों को नदी नालों में ले जाकर नहलाया धुलाया गया। इस दौरान सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने कहा कि हम सब पावन बस्तर हरियाली त्यौहार श्रद्धा पूर्वक मनाते हैं। किसान भाई सावन के महीने में जब खेतों में बुवाई पूरी कर लेते हैं, तो धरती माता को धन्यवाद देने के लिए यह त्योहार मनाते हैं। आज के दिन हम बैलों की पूजा करते हैं, क्योंकि वो हमारे अन्नदाता हैं। नांगर, कुदाली, फावड़ा – खेती के सभी औजारों की पूजा करते हैं। इस त्यौहार से हमें 3 सीख मिलती है- पहला प्रकृति से जुड़ाव।
बस्तर का मतलब ही है- जल, जंगल, जमीन। हरियाली त्यौहार हमें याद दिलाता है कि पेड़ लगाओ, नदी बचाओ। तभी हमारी खेती बचेगी।
दूसरा श्रम का सम्मान।
आज किसान, मजदूर, बैल सबकी पूजा का दिन है, इनके प्रति आभार प्रकट करने का दिन है। बिना मेहनत के अन्न नहीं मिलता। इसलिए हम सब श्रम को नमन करते हैं।
और तीसरी सीख है एकता और भाईचारा। इस दिन सभी ग्रामीण एकजुट होकर गेड़ी दौड़, बांस चढ़ाई, रस्साकशी खेलों में भाग लेते हैं। ये खेल हमें सिखाते हैं कि गांव तभी मजबूत होगा जब हम सब एक रहेंगे। सरपंच श्री कश्यप ने कहा कि सभी बस्तरवासी हरियाली त्यौहार को खुशियों के साथ मनाएं। धरती माता हम सबको सुखी और समृद्ध रखे।यह हमारे बस्तर का सबसे खूबसूरत त्योहार है। इस त्यौहार का संदेश है-“हरा भरा गांव, सुखी किसान।” सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने सभी को हरियाली त्यौहार की शुभकामनाएं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *