नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवानों को दी बधाई
जगदलपुर :- बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा में आज मंगलवार को सुरक्षा बलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 9 नक्सलियों को मार गिराया है। इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के लिए उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने डीआरजी और सीआरपीएफ के वीर जवानों को बधाई दी है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है और यह हमारे जवानों की दृढ़ता और उनकी भुजाओं की ताकत के कारण संभव हो पा रहा है। बस्तर में शांति स्थापित हो रही है और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री शर्मा ने आगे कहा कि राज्य सरकार और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति में सुधार हो रहा है। प्रदेश सरकार इस दिशा में निरंतर कार्यरत है और हम छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने के अपने संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध हैं।
