ओबीसी महासभा ने बस्तर सांसद महेश कश्यप से की मुलाकात, ओबीसी वर्ग के लिए जनगणना फार्मेट में सब कालम जोड़ने की मांग

जगदलपुर :- ओबीसी महासभा की बस्तर संभागीय इकाई ने संभागीय अध्यक्ष युवा मोर्चा नारायण साहू के नेतृत्व में बस्तर सांसद महेश कश्यप से उनके निवास स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान पिछड़ा वर्ग के वर्तमान हालात पर चर्चा की गई।
महासभा के सदस्यों ने सांसद को अवगत कराया कि इस समय देश में पिछड़ा वर्ग की गणना नहीं हो रही है, जिससे इस समुदाय के लिए लोक कल्याणकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। ओबीसी महासभा और अन्य पिछड़ा वर्ग संगठनों द्वारा विगत वर्षों से ओबीसी गणना की मांग की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूर्व में किए गए ओबीसी गणना प्रयास की रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। महासभा ने मांग की कि राष्ट्रीय जनगणना के फॉर्मेट में कॉलम नंबर 13 में अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए अलग कोड दिए गए हैं, उसी तरह एक सब कालम ओबीसी वर्ग के लिए भी जनरेट किया जाए। उन्होंने कहा कि इस वर्ग की जनसंख्या का सही आकलन होना अत्यंत आवश्यक है ताकि लोक कल्याणकारी योजनाएं सही तरीके से बनाई जा सकें। इस मांग को लेकर ओबीसी महासभा ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सांसद महेश कश्यप को सौंपा। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष नारायण साहू, दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष नागेश जायसवाल, जिला महासचिव पीलाराम सिन्हा, और कार्यकारिणी सदस्य नितिन देवांगन उपस्थित थे।सांसद महेश कश्यप ने डेलिगेशन को भरोसा दिलाया कि वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के समक्ष इस मुद्दे को जरूर उठाएंगे। डेलिगेशन ने सांसद श्री कश्यप को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *