बीजेपी ज्वाइन कर ली पार्षद बी. ललिता ने

अर्जुन झा-
जगदलपुर :- क्या बालाजी वार्ड की कांग्रेस पार्षद बी. ललिता ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है? उनके गले में डला भाजपाई दुपट्टा तो कुछ यही कहानी बयां कर रहा है। नगर पालिक निगम जगदलपुर की आज चल रही सामान्य सभा बैठक के बीच पार्षद बी. ललिता की दो ऎसी तस्वीरें वायरल हुई हैं, जिन्होंने कांग्रेसी खेमे में खलबली मचा दी है।

कांग्रेस पार्षद बी. ललिता से जुड़ी दो तस्वीरों ने जगदलपुर के सियासी गालियारे में तूफान खड़ा कर दिया है। बी. ललिता जगदलपुर नगर निगम के बालाजी वार्ड की निर्वाचित कांग्रेस पार्षद हैं। उनसे जुड़ी दो ऎसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो इस बात की तस्दीक करती हैं कि बी. ललिता ने भाजपा का दामन थाम लिया है। एक तस्वीर में बी ललिता उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महापौर सफीरा साहू, वरिष्ठ भाजपा पार्षद संजय पाण्डेय एवं अन्य लोगों के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। यह तस्वीर किसी कार्यालय, संभवतः उप मुख्यमंत्री श्री साव के कार्यालय की प्रतीत हो रही है। वहीं दूसरी तस्वीर में बी. ललिता जगदलपुर की भाजपाई महापौर सफीरा साहू के साथ बैठी दिख रही हैं, उनके और सफीरा साहू के गले में भाजपाई दुपट्टा डला हुआ है और दोनों ही विक्ट्री साइन दिखा रही हैं। नगर में चर्चा चल पड़ी है कि बी. ललिता ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। समाचार लिखने के दौरान जगदलपुर नगर निगम सामान्य सभा की बैठक चल रही है और पार्षद बी. ललिता भी इस बैठक में मौजूद हैं, लिहाजा उनसे बात नहीं हो पाई।

उल्लेखनीय है कि महापौर सफीरा साहू भी पहले कांग्रेसी थीं और कुछ माह पहले ही वे भाजपा में शामिल हो गई थीं। उनके पीछे कुछ कांग्रेसी पार्षदों ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली थी। अब बी. ललिता के भाजपा में चले जाने की अटकलों के बीच जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बेचैनी बढ़ गई है। वहीं आम नागरिक कह रहे हैं कि नगर निगम जगदलपुर का पूरी तरह भगवाकरण हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *