रिहायशी क्षेत्र में कचरा डंपिंग का मसला पहुंचा कलेक्टर तक
जगदलपुर। रिहायशी क्षेत्र में कचरा डंपिंग का मसला कलेक्टर तक पहुंच गया है।आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने कलेक्टर एस हरिस को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर से मांग की गई कि आबादी क्षेत्र से दूर डंपिंग यार्ड बनाया जाए और महाराणा प्रताप वार्ड एवं गंगानगर वार्ड से डंप यार्ड हटाया जाए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कलेक्टर एस हरिस को डंपिंग यार्ड से जनता को हो रही समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि शहर के वार्डों से डंपिंग यार्ड हटाकर आबादी क्षेत्र से दूर डंपिंग यार्ड बनाया जाए। रिहायशी क्षेत्र में डंपिंग यार्ड रहने से लोगों को गंभीर बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए डंपिंग यार्ड शहर से बाहर होना चाहिए ताकि वार्ड में निवासरत लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। कांग्रेस पार्षदों द्वारा लगातार इस मामले को उठाया जा रहा है। परंतु आज तक कोई भी पहल नही हुई है। श्री मौर्य, श्री जेम्स और पार्षदों ने कलेक्टर से आग्रह किया कि इस गंभीर मसले को संज्ञान में लेते हुए शहर में स्थित डंपिंग यार्ड को शहर से दूर व आम जनमानस की आबादी क्षेत्र से दूर डंपिंग यार्ड बनाया जाए। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स द्वारा लगातार इस मामले को निगम आयुक्त व महापौर के संज्ञान में लाया जा रहा है सड़क से लेकर निगम तक इस विषय को उठाया जा रहा है परंतु कांग्रेस पार्षदों के वार्डो को सफाई अभियान वंचित रखा गया है। द्वेषपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उपनेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद राजेश राय व सुषमा कश्यप लगातार आवाज उठा रहे हैं कि गंगानगर वार्ड व महाराणा प्रताप वार्ड में निगम द्वारा मेडिकल वेस्ट व मटन मछली, बाज़ार के वेस्टेज को डंप किया जा रहा है। यह गंगानगर वार्ड व महाराणा प्रताप वार्ड व छत्रपति शिवाजी वार्ड में निवासरत लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। इस मामले को पार्षदों द्वारा निगम में शिकायत की जा रही है, मामले को संज्ञान में न लेने व कार्यवाही न होने पर आज पूर्व विधायक रेखचंद जैन, उपनेता प्रतिपक्ष राजेश राय व सुषमा कश्यप, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास, कांग्रेस पदाधिकारियों वार्डवासियों द्वारा गीदम रोड पर चक्काजाम भी किया गया था।कचरे के कारण वार्ड में बदबू, मक्खी, मच्छर, कीड़े मकोड़े पनप रहे हैं। निस्तारी तालाब तक डंप यार्ड की गंदगी पहुंच रही है और तालाब का पानी दूषित हो गया है। वहां नहाने से वार्ड के कई लोग गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम आयुक्त और महापौर द्वारा कोई कार्यवाही नही की जा रही है। आज वार्ड वासियों के साथ चक्का जाम करने के उपरांत प्रशासन की तरफ से तहसीलदार और निगम अधिकारियों द्वारा आश्वासन के बाद चक्काजाम को स्थगित किया गया। अतः इस विषय को तत्काल संज्ञान में लेते हुए शहर में स्थित डंपिंग यार्ड को शहर से ले जाया जाए। इस दौरान निगम अध्यक्ष कविता साहू, नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स, पार्षद विक्रम सिंह डांगी, सूर्यपानी, कोमल सेना, बलराम यादव, कमलेश पाठक, सुशीला बघेल, सुखराम नाग, सुषमा सुता, सुनीता सिंह, सुषमा कश्यप, दयाराम, लता निषाद, बी. ललिता राव, विकलांग प्रकोष्ठ अध्यक्ष महेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।
