
अब 6 साल बिना कांग्रेस की रहेगी पार्षद बीना साहू
जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले की बचेली नगर पंचायत की पार्षद बीना साहू अब छह साल तक बिना कांग्रेस के रहेगी। पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें छह साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है।
पिछले माह बचेली नगर पंचायत में हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अध्यक्ष समेत 18 पार्षदों को प्रत्याशी बनाया था। इनमें कांग्रेस पार्टी के 9 पार्षदों ने विजय प्राप्त की है। चुनाव के दौरान कांग्रेस की विजयी पार्षद बीना साहू ने कांग्रेस के अधिकृत अध्यक्ष प्रत्याशी पूजा साव के खिलाफ प्रचार किया एवं कांग्रेस पार्टी द्वारा व्हिप जारी किए जाने के बाद भी उपाध्यक्ष चुनाव में अधिकृत कांग्रेस प्रत्याशी मनोज साहा के विरुद्ध जाकर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। पार्टी विरोधी गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बीना साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नही दिया। जिसके पश्चात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बचेली की अनुशंसा पर वार्ड 12 की पार्षद बीना साहू को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा बीना साहू को 6 वर्षों के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है। ज्ञात हो कि बीना साहू को कांग्रेस पार्टी द्वारा 2 बार पार्षद पद हेतु प्रत्याशी बनाकर सभी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास से विजय दिलाई गई थी। इसके बावजूद उनके द्वारा पार्टी विरोधी कार्य करना बेहद शर्मनाक है जिसे पार्टी कतई बर्दाश्त नही कर सकती।