अबूझमाड़ में फोर्स को मिली बड़ी कामयाबी, ढेर किए 26 नक्सली, मुठभेड़ जारी, एक शहीद, जवान घायल

अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर संभाग में नक्सलियों का सफाया अभियान जोर शोर से जारी है। आज फोर्स ने फिर 26 नक्सलियों को उनकी ही मांद में घुसकर मार गिराया है। संभावना और भी दर्जनों नक्सलियों के मारे जाने की है। नारायणपुर के अबूझमाड़ में मुठभेड़ अभी जारी है। इस मुठभेड़ में पुलिस के एक सहयोगी के शहीद हो जाने और डीआरजी के एक जवान के घायल होने की सूचना है। इससे पहले बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ में सीआरपीएफ ने 31 नक्सली मार गिराए थे।
बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के जंगलों में डीआरजी और नक्सलियों के बीच आज सुबहसे मुठभेड़ चल रही है। जवानों ने नक्सलियों की एक बड़ी टीम को घेर लिया है। मुठभेड़ में अब तक 26 नक्सलियों के मारे जाने की खबर आई है, जबकि और भी दर्जनों नक्सलियों के हताहत होने की पूरी संभावना जताई गई है। मारे गए नक्सलियों में बड़े नक्सली नेता भी शामिल हैं, ऎसी सूचना है। अबूझमाड़ के जाटलूर इलाके में चल रही है मुठभेड़। अभी मुठभेड़ की शुरुआती जानकारी ही सामने आई है, जबकि इनपुट में पुलिस को और भी बड़ी सफलता मिलने के संकेत मिले हैं। नक्सलियों के माड़ डिवीजन के बड़े कैडर की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव की जॉइंट टीम अबूझमाड़ में ऑपरेशन के लिए निकली थी। सुबह से डीआरजी संयुक्त बल के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में एक जवान के घायल होने और एक सहयोगी के शहीद होने की खबर है। उल्लेखनीय है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प को फलिभूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्रीविजय शर्मा प्रण प्राण से जुटे हुए हैं। सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबापी, एसटीएफ, छग पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और अन्य सुरक्षाबलों के जवान तथा अधिकारी भी उच्च मनोबल के साथ नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था, जिसमें 31 नक्सली हलाक कर दिए गए थे।

जवानों का करिश्माई शौर्य: शर्मा
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने मुठभेड़ में 26 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। श्री शर्मा ने बताया कि बीजापुर के इंद्रावती सेंचुरी और ओरछा क्षेत्र की सीमा पर 50 घंटे से भी ज्यादा समय से हमारे जांबाज जवान ऑपरेशन चला रहे हैं। उन्होंने अब तक 26 नक्सलियों को मार गिराया है। एक जवान घायल हुआ है, लेकिन उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। हमारा एक सहयोगी शहीद हुआ है। जवान उच्च मनोबल के साथ मोर्चे पर डटे हुए हैं और इस ऑपरेशन में इससे भी बड़ी कामयाबी हमें मिलने वाली है। उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सल सामग्री बरामद हुई है। श्री शर्मा ने कहा कि हमारे जवानों ने एकबार फिर अपनी भुजाओं का दम और करिश्माई शौर्य का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, डीआरजी के जवानों को बधाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *